अतिरिक्त जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सुनवाई
धौलपुर । माह के प्रत्येक तृतीय गुरूवार को होने वाली जिला स्तरीय जनसुनवाई राजीव गांधी सेवा केन्द्र धौलपुर में अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह तौमर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि परिवादियों द्वारा दर्ज किये गये परिवादों का प्रशासन एवं सम्बंधित अधिकारी संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करें। जनसुनवाई के दौरान कुल 20 परिवाद प्राप्त हुए। परिवादी विजय शर्मा पुत्र ओमप्रकाश शर्मा निवासी वार्ड नं 52, बजरिया के मामले में एडीएम ने आयुक्त नगर परिषद संतलाल मक्कड़ को आम रास्ते पर से अतिक्रमण हटवाने हेतु निर्देशित किया।
परिवादी चंदन सिंह पुत्र गंगाराम निवासी रुंध का पुरा अपनी मृत माँ के नाम से जॉबकार्ड को अन्य के नाम जारी किया जाकर जॉबकार्ड का दुरूपयोग होने का मामला अतिरिक्त जिला कलक्टर के समक्ष रखा जिसे उन्होंने अग्रिम कार्यवाही हेतु खण्ड विकास अधिकारी को फॉरवर्ड किया। परिवादी सुनीता पत्नी योगेन्द्र सिंह निवासी सिजरौली तहसील मनियां ने क्रय की गई जमीन की पैमाइश करवाई जाकर अतिक्रमण हटवाने का मामला प्रस्तुत किया जिस पर उन्होंने तहसीलदार धौलपुर को नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिये। परिवादी करनसिंह पुत्र श्यामा निवासी मालौनी पंवार ने कब्जा हटवाये जाने के संबंध में परिवाद रखा जिस पर उन्होंने उपखंड अधिकारी सैंपऊ को नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये। परिवादी चंद्रशेखर पुत्र भूपेंद्र की छात्रवृत्ति राशि ना मिलने के संबंध में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को समुचित कार्यवाही के निर्देश दिये एवं प्रार्थी को कार्यवाही का आश्वासन दिया। सेवानिवृत्त व्याख्याता रमेश चंद्र तिवारी ने अपने पिछ्ले परिवाद जिसमें कि उनके शेष यात्रा व चिकित्सा बिलों के भुगतान लंबित था के बारे में बताया कि उन्हें यह भुगतान प्राप्त हो गया, इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि पिछली जनसुनवाईयों के परिवादों के निस्तारण की स्थिति जानें एवं इसकी समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जन सुनवाई के दौरान उपखंडाधिकारी धौलपुर अनूप सिंह सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।