जिला स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेल का हुआ शुभारंभ
डीडवाना. कुचामन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा की गई बजट घोषणा 2023-24 की अनुपालना में ग्रामीण एवं शहरी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की खोज कर आगे लाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेलों का शुक्रवार को बलदेवराम मिर्धा स्टेडियम डीडवाना में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में विधायक ने ध्वजारोहण किया और खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी और खेल शपथ लेकर खेल शुभारंभ की घोषणा की। इस दौरान कार्यक्रम में बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विधायक डीडवाना चेतन डूडी ने संबोधित कहा कि आज खेल का महत्व बहुत बढ़ गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की यह महत्वपूर्ण सोच है जिसमें बच्चे-बुड्ढे, दादा-दादी, नाना-नानी सहित सभी लोग पूरी खेल भावना के साथ एक साथ खेलते हैं। राजीव गांधी शहरी एवं ग्रामीण ओलंपिक खेल प्रतिभाओं को तरासने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि खेल को खेल की भावना से खेलें तथा खेल हमें जीवन में मिलकर आगे बढ़ना सिखाता है। उन्होंने खेल में शारीरिक शिक्षकों की महत्वता को बताते हुए कहा कि शारीरिक शिक्षा खेल के दौरान बच्चों को अनुशासन सिखाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाते हुए अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान उपखंड अधिकारी डीडवाना जीतू कुलहरी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की छुपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक सहित कई प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपने ग्राम स्तर से खेल शुरू करके अभी जिला स्तर पर पहुंचे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप जिला स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर राज्य स्तर पर जीत हासिल करे तथा डीडवाना का नाम रोशन करें। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई। ब्लॉक स्तरीय ओलंपिक खेलों में विजेता रही ग्रामीण क्षेत्रों की कुल 77 टीमें और 885 खिलाड़ी तथा शहरी क्षेत्र से कुल 125 टीमें और 752 खिलाड़ी जिला स्तरीय खेलों में भाग ले रहे है। यहां विजेता रहने वाली टीमें आगे राज्य स्तर पर खेलेंगी। इस दौरान उद्घाटन मैच महिला वर्ग रस्साकसी में लाडनू और परबतसर के बीच खेला गया जिसमे लाडनू ने परबतसर को 2-0 से हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। इस दौरान कार्यक्रम में सभापति नगर परिषद रचना होलानी, उपसभापति बाबू खां बेगाना, आयुक्त नगर परिषद रोहित मील, एसीईओ जिला परिषद गणेशाराम जाखड़, समाजसेवी नंदकिशोर होलानी, एईएन नगर परिषद मनीष बिजारनिया सहित सभी सीबीईओ पीटीआई, खिलाड़ी, कोच, और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।