Dark Mode
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

डूंगरपुर। जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त जिला कलक्टर कुलराज मीणा ने सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक ली। बैठक में परिवहन, सड़क सुरक्षा, यातायात पुलिस, नगर परिषद, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, विद्युत विभाग, आबकारी विभाग के अधिकारी शामिल हुए। भारी वाहनों में फिटनेस और स्पीड गवर्नर के अभाव में कार्रवाई करने, ओवरलोड वाहनों, सड़क पर यातायात नियमों की पालना करवाने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने शहर की मुख्य सड़कों और राजमार्गों पर अवैध कट्स के संबंध में की गई कार्यवाही की जानकारी ली। संभावित दुर्घटना स्थलों पर ट्रेफिक लाइट और सिग्नल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, राजमार्गों पर मिलने वाली सड़कों पर स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग, आदि पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। विद्युत विभाग को बिजली के तारों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के संबंध में जानकारी लेते हुए आवष्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
यातायात पुलिस प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मार्च माह के दौरान ओवर लोडिंग, नो पार्किंग में वाहन खडे करना, बिना हेलमेट, तेज गति से वाहन चलाना, सीट बेल्ट नहीं लगाना, मोबाइल पर बात करने पर एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 1,120 चालान बनाकर 3,19,900 रूपये का जुर्माना वसूला गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने शराब पीकर वाहन चलाने और ओवर स्पीडिंग पर विशेष निगरानी रखकर जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना के लिए जन जागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में एडिशनल सीएमएचओ डॉ. विपिन मीणा, जिला परिवहन अधिकारी अनिल माथुर, एसई पीडब्ल्यूडी धर्मेंद्र पायल, नगर परिषद से कुलदीप सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!