Dark Mode
’संभागीय आयुक्त कोटा एवं प्रभारी सचिव अनिल कुमार अग्रवाल ने किया गंगधार क्षेत्र का दौरा, विभिन्न संस्थानों का किया औचक निरीक्षण’

’संभागीय आयुक्त कोटा एवं प्रभारी सचिव अनिल कुमार अग्रवाल ने किया गंगधार क्षेत्र का दौरा, विभिन्न संस्थानों का किया औचक निरीक्षण’

झालावाड़। संभागीय आयुक्त कोटा एवं प्रभा सचिव अनिल कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को उपखण्ड क्षेत्र गंगधार का दौरा कर विभिन्न राजकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

’राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोझाना का निरीक्षण’
प्रभारी सचिव ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोझाना का निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वर्तमान में संचालित परीक्षाओं तथा बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की उपस्थिति का उचित आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार पूर्व सूचना देकर मिड डे मील तैयार किया जाए, जिससे भोजन की गुणवत्ता बनी रहे तथा ईंधन (एलपीजी) का अधिकतम और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

’पंचायत कार्यालय रोझाना का निरीक्षण’
ग्राम पंचायत कार्यालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने गांव में साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता तथा आमजन की समस्याओं के समाधान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

’उप स्वास्थ्य केन्द्र रोझाना का निरीक्षण’
उप स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने दवाइयों की उपलब्धता, टीकाकरण कार्यक्रम तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य कार्मिकों को निर्देश दिए कि टीकाकरण कार्यक्रम समय पर संचालित हो तथा ग्रामीणों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित अभियान चलाए जाएं। साथ ही आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

’पशु स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण’
पशु स्वास्थ्य केन्द्र में निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने पशुधन से संबंधित सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने पशुधन सहायक को निर्देश दिए कि पशुपालकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा पशुओं के उपचार और टीकाकरण की व्यवस्था नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए।

’प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गंगधार का निरीक्षण’
प्रभारी सचिव ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गंगधार का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ऑनलाइन रिकॉर्ड समय पर अपडेट किए जाएं तथा आवश्यक दवाइयों एवं जांच सुविधाओं की गुणवत्तापूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को मरीजों को समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराने तथा अस्पताल में आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

’उपखण्ड कार्यालय गंगधार का निरीक्षण’
उपखण्ड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि 5 वर्षों से अधिक समय से लंबित दावों एवं प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि काश्तकारों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को संपर्क पोर्टल के प्रकरणों का भी समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपखण्ड स्तर पर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए समय-समय पर ब्लॉक स्तर की बैठकों एवं फील्ड निरीक्षण आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

’थाना गंगधार का निरीक्षण
दौरे के दौरान प्रभारी सचिव ने थाना गंगधार का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सार्वजनिक स्थलों एवं राजकीय भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी प्रदान किए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने तहसील पचपहाड़ का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। इस दौरान उपखंड अधिकारी भवानीमंडी श्रद्धा गोमे, उपखंड अधिकारी छत्रपाल चौधरी, पुलिस उप अधीक्षक प्रेम कुमार सहित संबंधित विभागों व कार्यालयों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!