संभागीय आयुक्त ने किया एकीकृत नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण
धौलपुर। संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा ने बुधवार को सूचना केन्द्र कार्यालय में संचालित एकीकृत नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। एकीकृत नियंत्रण कक्ष में सी-विजिल, जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष, सोशल मीडिया नियंत्रण कक्ष और मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति-एमसीएमसी प्रकोष्ठ का संचालन किया जा रहा है। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी निधि बी टी तथा जिला पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरडा भी उनके साथ रहे। उन्होंने इस दौरान संभागीय आयुक्त ने जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम में शिकायत समाधान तंत्र के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन पर कॉल करने वाले व्यक्ति को उसकी शिकायत पर समुचित समाधान समाधान एवं जानकारी प्रदान की जाये। इस दौरान उन्होंने एमसीएमसी प्रकोष्ठ के विभिन्न प्रबन्धों तथा कार्यकलापों के बारे में जानकारी ली और प्रकोष्ठ से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने फेक न्यूज, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन संबंधी समाचारों एवं उम्मीदवारों द्वारा किये जा रहे प्रचार खर्च की मॉनिटरिंग एवं संधारण के सम्बन्ध में व्यापक निगरानी हेतु निर्देश दिया। इस अवसर पर एमसीएमसी प्रकोष्ठ प्रभारी सहायक निदेशक राजकुमार मीणा ने प्रकोष्ठ की तमाम गतिविधियों पर बिन्दुवार जानकारी दी और विभिन्न पंजिकाओं का अवलोकन कराया। सहायक जनसम्पर्क अधिकारी रोहित मित्तल ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रकोष्ठ द्वारा विभिन्न टीवी चैनल तथा समाचारों पत्रों में मीडिया सामग्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।