संभागीय आयुक्त नीरज के पवन
सूरतगढ़ . श्रीशिव नंदीशाला की भूमि पर हुए अतिक्रमण को लेकर पिछले 1 सप्ताह से जारी गतिरोध संभागीय आयुक्त के निरीक्षण के बाद से हुआ समाप्त है। भूमि पर अतिक्रमण हटाने को लेकर नंदीशाला की कार्यसमिति के पदाधिकारी सर्व समाज, सामाजिक संस्थाएं,पार्षद व आमजन के साथ बैठक कर अतिक्रमण की समस्या को लेकर चर्चा कर चुके थे। 4 दिन बीत जाने के बावजूद भी इस पर कोई कार्यवाही ना होने समिति पदाधिकारियों ने नंदीशाला की कार्यकारिणी से इस्तीफा देने की बात कही थी। मीडिया के माध्यम से जब यह खबर संभागीय आयुक्त को लगी तो मंगलवार सुबह संभागीय आयुक्त नीरज के. पवन सूरतगढ़ पहुंचे। जिस पर समिति पदाधिकारियों द्वारा इस मामले के बारे में चर्चा की गई। संभागीय आयुक्त ने मामले को गंभीर मानते हुए पदाधिकारियों के साथ नंदीशाला की भूमि पर हुए अतिक्रमण का मौका निरीक्षण किया। मौके पर काफी लंबे चौड़े क्षेत्र में सीमेंट के पिलर लगाकर तारबंदी करके अतिक्रमण किया गया था। संभागीय आयुक्त के वहां पहुंचने के बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर अरविंद जाखड़, उपखंड अधिकारी संदीप काकड़, तहसीलदार, पूर्व विधायक गंगाजल मील, शिव नंदीशाला अध्यक्ष अनिल धानुका, सचिव नरेंद्र चाहर, मनोज सोमानी, कृष्ण छिंपा सहित पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंच गया। संभागीय आयुक्त ने प्रशासन को इस तारबंदी को हटाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्यवाही की बात कही। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र गोदारा ने उच्च अधिकारियों के आदेशों की पालना को लेकर पालिका से सफाई कर्मचारियों की टीम बुलाकर पिलर व तारबंदी कर अतिक्रमण की गई जगह से तार व पिल्लरों हटाकर जप्त किया।