Dark Mode
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत डीएलसी की बैठक आयोजित

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत डीएलसी की बैठक आयोजित

श्रीगंगानगर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मॉडल सौर ग्राम हेतु जिला स्तरीय कमेटी (डीएलसी) की बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान मॉडल सौर ग्राम हेतु विचार-विमर्श कर जिला कलक्टर द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। जिला कलक्टर ने बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत कमेटी द्वारा जिले के पांच हजार से अधिक आबादी वाले गांवों का चयन करना है। इसके पश्चात प्रतिस्पर्धा अवधि में सर्वाधिक सौर ऊर्जा लगाने वाले गांव का चयन मॉडल सौर ग्राम के रूप में किया जायेगा। चयनित मॉडल सौर ग्राम को केन्द्र सरकार द्वारा एक करोड़ रूपये की राशि दी जायेगी। जिला कलक्टर ने इसके तहत आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि व्यापक रूप से योजना का प्रचार-प्रसार करते हुए निर्धारित गतिविधियां सुनिश्चित की जाये। बैठक में कमेटी द्वारा 8 गांवों का चयन किया गया।

जिला कलक्टर ने कहा कि प्रतिस्पर्धा अवधि शुरू होने के उपरांत चयनित गांवों के सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें योजना की व्यापक जानकारी दी जाये ताकि अधिक से अधिक संख्या में लोग सौर ऊर्जा को अपनाएं। मॉडल सौर ग्राम के चयन हेतु जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन को भी सौर ऊर्जा का महत्व बताते हुए अधिकाधिक सौर ऊर्जा सयंत्र लगाने के लिये प्रेरित किया जाये। बैंक द्वारा ऋण संबंधी सहायता के लिये भी आमजन को जागरूक किया जाये। जोधपुर डिस्कॉम एसई वी.आई परिहार ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मॉडल सौर ग्राम की विस्तृत जानकारी से अवगत करवाते हुए बताया कि मॉडल सौर ग्राम के चयन हेतु निगरानी एवं समन्वय के मद्देनजर जिला स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है। प्रतिस्पर्धा अवधि के दौरान सभी गांवों को बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना एवं पीएम कुसुम योजना के सौर ऊर्जा सयंत्र स्थापित करने हैं। इसके बाद गांव की राजस्व सीमा के अधीन सर्वाधिक सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित करने वाले गांव को मॉडल सौर ग्राम के रूप में चयनित किया जायेगा। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गिरधर और आरडीएसएस जोधपुर डिस्कॉम के एक्सईन राकेश कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!