Dark Mode
डोनाल्ड ट्रंप ने शुरू की मध्यस्थता, अमेरिका और यूक्रेन के वार्ताकारों में बैठक

डोनाल्ड ट्रंप ने शुरू की मध्यस्थता, अमेरिका और यूक्रेन के वार्ताकारों में बैठक

फ्लोरिडा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों ने रविवार को फ्लोरिडा में यूक्रेन के वार्ताकारों से मुलाकात की और रूस के साथ जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए मध्यस्थता पर जोर दिया। अमेरिकी अधिकारियों और यूक्रेनी वार्ताकारों के बीच हुई बैठक ने इस हफ्ते मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली महत्वपूर्ण वार्ता के लिए मंच तैयार किया। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने प्रस्तावित शांति प्रस्ताव के विवरण पर विस्तार से चर्चा करने के लिए यूक्रेन के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की। यूक्रेन के लिए यह वार्ता ऐसे संवेदनशील समय में हो रही है, जब उस पर 2022 में शुरू हुए युद्ध से पीछे हटने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है और साथ ही देश घरेलू स्तर पर भ्रष्टाचार तथा घोटालों से भी जूझ रहा है। राजनयिकों का ध्यान वाशिंगटन और मॉस्को के बीच वार्ता में प्रस्तावित 28-सूत्रीय योजना में संशोधन पर केंद्रित रहा। इस प्रस्ताव की आलोचना की जा रही है, क्योंकि इसमें रूस की मांगों पर अत्यधिक जोर दिया गया है। रविवार को बैठक शुरू होते ही रुबियो ने यूक्रेन को आश्वस्त करने पर ध्यान केंद्रित किया। रुबियो ने संक्षिप्त टिप्पणी में कहा, “स्पष्ट रूप से, अंतिम लक्ष्य केवल युद्ध का अंत नहीं, बल्कि इसका उद्देश्य युद्ध का अंत सुनिश्चित करने के साथ-साथ यूक्रेन को संप्रभुता, स्वतंत्रता और वास्तविक समृद्धि का अवसर दिलाना है।” यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने ‘एक्स’ पर कहा कि यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल ‘‘युद्ध को समाप्त करने के लिए आवश्यक ठोस कदमों पर तेजी से काम करेगा।’’ जेलेंस्की ने शनिवार को अपने रात्रिकालीन संबोधन में कहा था कि अमेरिकी पक्ष ‘‘एक रचनात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत कर रहा है।’’ उन्होंने कहा था, “आने वाले दिनों में युद्ध को सम्मानजनक अंजाम तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कदमों पर विस्तार से विचार करना संभव है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!