डॉ. कुशवाह का जनसम्पर्क जोरों पर, मिल रहा जन समर्थन
धौलपुर। विधानसभा क्षेत्र धौलपुर से भाजपा उम्मीदवार डॉ. शिवचरण कुशवाह का ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में जनसम्पर्क अभियान जोरों पर चल रहा है। शनिवार को जहां डॉ. कुशवाह ने इलाके के कोटरा, गर्वापुरा, सहरौन, पटेवरी, डहरा, कूकपुर, निभी, खनपुरा, डल्ला चक्कर और सांदरा सहित अन्य गांवों में जनसंपर्क किया वहीं उनकी पत्नी रजनीकांता कुशवाहा ने भाजपा की महिला मोर्चा की सदस्यों और समर्थकों के साथ धौलपुर नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 40 के तलैया क्षेत्र में जनसम्पर्क कर मतदाताओं से विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भाजपा के पक्ष में पूर्ण समर्थन की अपील की। गांवों में जनसंपर्क के दौरान लोगों ने डॉ. कुशवाह का माला व साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया तथा इस दौरान उन्हें कई जगह तौला भी गया। ग्रामीणों ने उन्हें अपना मत और समर्थन देने का विश्वास दिलाया। डॉ. कुशवाह ने युवाओं को रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में आगे लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नौकरियों में पेपर लीक करवाकर युवाओं के साथ जो विश्वासघात किया है, उन भ्रष्ट कांग्रेसियों को भाजपा की सरकार बनते ही बक्सा नहीं जाएगा। धौलपुर के विकास पर जोर देते हुए उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि आपने सबको एक बार देख लिया कि किसी ने धौलपुर के लिए कुछ नहीं किया, इसलिए इस बार मुझ गरीब एवं ईमानदार के बेटे को मौका दें जिससे क्षेत्र का तीव्र गति से विकास हो सके। दिन भर चले जनसंपर्क के दौरान उनके साथ भारी जनसमूह ने भाग लिया और भाजपा के पक्ष में लोगों से मतदान की अपील की।