सड़क दुर्घटना में सुबह तक केबिन में फंसा रहा चालक, हो गई मौत
बहरोड़। क़स्बे के मुख्य फ्लाईओवर से पहले दिल्ली-जयपुर हाइवे पर इंद्रा कॉलनी कट के पास दुर्घटना में केन्ट्रा चालक सुबह तक केबिन में ही फंसा रहा। जिसकी मौत हो गई। लोगों का कहना है कि यह देर रात्रि की घटना है। उस समय आस-पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। दुर्घटना में चालक कैबिन में फंसा रहा, सोचने का विषय है कि चालक कितनी देर जिंदगी और मौत से लड़ता रहा होगा। आस-पास के होटल संचालकों का कहना है कि केन्ट्रा गाड़ी ने किसी अज्ञात वाहन को पीछे से टक्कर मारी है। जिससे केबिन पिचक गया और चालक उसमें फंस गया। सुबह पुलिस ने आकर लोगों की सहायता से शव को बाहर निकाला। चालक उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है।