नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली
रतनगढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय चूरू के तत्वावधान में स्थानीय संघ द्वारा दादोजी मंदिर परसनेऊ में आयोजित स्काउट यूनिट लीडर बेसिक कोर्स के दौरान ताल्लुका विधिक सेवा समिति और स्काउट विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दादोजी धाम परसनेऊ में होने वाले शिविर के संभागीय और छात्रों द्वारा नशा मुक्ति उन्मूलन के अंतर्गत रैली का आयोजन किया गया। रैली को समिति के सदस्य व स्थानीय संघ के प्रधान संतोष कुमार इंदौरिया, शिविर संचालक शब्बीर खान एवं सचिव नरेंद्र स्वामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान राकेश नायक व जयचंद लाल भाटी के नेतृत्व में गगनभेदी नारों से लोगों का ध्यान रैली की तरफ आकृष्ट किया। साथ ही समाज में नशे से होने वाले दुष्प्रभावों से अवगत करवाया। इससे पहले स्थानीय संघ प्रधान संतोष कुमार इंदौरिया,उप प्रधान कुन्दन मल शर्मा के शिविर के अवलोकन हेतु पधारने पर समस्त संभागियों द्वारा जनरल सैल्यूट से व शिविर संचालक शब्बीर खान द्वारा स्काउट परम्परानुसार स्कार्फ पहनाकर अभिनंदन एवं सचिव नरेंद्र स्वामी ने शाब्दिक स्वागत किया। शिविर संचालक शब्बीर खान ने शिविर,आवास और पाठ्यक्रम संबंधित जानकारी प्रदान कर एक प्राण गीत की प्रस्तुति दी। प्रधान संतोष कुमार इंदौरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्काउट एक सेवाभावी संगठन है , जिसमें विषम परिस्थितियों से मुकाबला करने का जज्बा रखता है। किसी भी सरकारी योजना और कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्काउट गाइड संगठन महत्वपूर्ण योगदान करता है। सभी संभागियों को संगठन में शामिल होने पर बधाई दी और संगठन में कन्धे से कन्धा मिलाकर आगे बढ़ने की कामना व्यक्त की। इस अवसर पर ओमप्रकाश मेघवाल,मनीराम, नवीन कुमार, भैराराम प्रजापत, डूंगरराम प्रजापत, जयचन्द लाल भाटी, रामचन्द्र प्रजापत व किशन सिंह राठौड़ सहित समस्त प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।