Dark Mode
जयपुर में मतदान जागरूकता की गूंज, 200 स्काउट्स ने निकाली रैली

जयपुर में मतदान जागरूकता की गूंज, 200 स्काउट्स ने निकाली रैली

जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव में आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय जयपुर द्वारा ‘स्वीप’ (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) कार्यक्रम के तहत निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली को स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद् शुभम भाईसारे ने बुधवार को स्काउट एंड गाइड मंडल मुख्यालय, बनीपार्क से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 200 स्काउट्स की यह रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट सर्किल पहुंची, जहां स्काउट्स ने कलेक्ट्रेट सर्किल के चारों ओर मतदाता जागरूकता के लिए मानव श्रृंखला बनाई और मतदान जागरूकता से जुड़े प्रेरक नारे लगाए।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी म्यूनिसिपल संदेश नायक ने बताया कि जयपुर जिले की एक नगर निगम के 150 वार्डाें के सदस्यों के लिए 11 सितंबर को वहीं 2 नगर परिषद् सहित कुल 18 नगरीय निकायों के 540 वार्डों के सदस्यों के लिए 09 सितंबर को प्रातः 7ः00 बजे से सांय 6ः00 बजे तक मतदान होगा। उन्होंने जिले के नगरीय निकायों के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान अवश्य दें।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीना ने सभी को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हेमंत सिंह, स्काउट एवं गाइड मंडल मुख्यालय एस.सी.ओ. दामोदर प्रसाद शर्मा, तथा जिला नोडल स्वीप समन्वयक दिनकर शर्मा सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!