Dark Mode
आजम खां पर ED कार्रवाई, अखिलेश ने सरकार को घेरा

आजम खां पर ED कार्रवाई, अखिलेश ने सरकार को घेरा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खां से जुड़ी मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा, शिक्षक और शिक्षार्थी विरोधी तथा स्कूल बंद करवाने वाले भाजपा नेताओं की ओर से विरोधियों के खिलाफ ईडी की छापेमारी की जा रही है जबकि भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर मामलों में कार्रवाई नहीं हो रही है। अखिलेश यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ईडी की कार्रवाई के जरिए भाजपा अपने बचे हुए साम्प्रदायिक समर्थकों को संतुष्ट करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने विभिन्न भ्रष्टाचार के मामलों और अनियमितताओं का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा। सपा प्रमुख ने अपने ट्वीट में लिखा कि शिक्षा, शिक्षक व शिक्षार्थी विरोधी, स्कूलबंद करवाने वाले भाजपाई और उनके संगी-साथी यूनिवर्सिटी बनानेवालों के खिलाफ ईडी की छापेमारी कर रहे हैं जिससे कि उनके 1-2% बचे हुए साम्प्रदायिक संकीर्ण सोच के कुतर्की समर्थकों को संतुष्ट कर पाएं जबकि उन भ्रष्टाचारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही, जो निम्नांकित आपराधिक कांडों में संलिप्त हैं। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा मामले से लेकर सत्ता के संरक्षण में सजातीय अपराधियों, कोडीन कफ सिरप की तस्करी और भ्रष्टाचार के मामलों का जिक्र भी किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकाल में निर्मित बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे बदहाल, हिचकोले खाते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, गड्ढायुक्त कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे, ग्रीन कॉरीडोर दरारी, खटपट सड़कें, गिरते पुल, ढहती टंकियां, निर्मित टपकती छतें, स्टेशन की दीवार जैसी घटनाओं को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में दूसरे राज्यों में पकड़े जाने वाले भ्रष्ट पुलिसकर्मियों का भी जिक्र किया। इसके अलावा सपा प्रमुख ने महाकुंभ में कथित तौर पर की गई हेराफेरी, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के नाम पर कथित बड़े पैमाने के भ्रष्टाचार और अस्वीकृत भूमि पर अवैध निर्माण करने वाले भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर भी आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी ⁠दुर्व्यवहार और दुर्वचनों पर प्रचार की पुताई करके 7,000 करोड़ रुपए में हिस्सा बांट रहे हैं।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!