Dark Mode
ईएलसी की बालिकाओं ने ब्रेल जन्म दिवस को सशक्त दिव्यांग मतदाता दिवस के रूप में मनाया

ईएलसी की बालिकाओं ने ब्रेल जन्म दिवस को सशक्त दिव्यांग मतदाता दिवस के रूप में मनाया

 
धौलपुर। निर्वाचन साक्षरता क्लब की सदस्यों द्वारा स्कूल अवकाश में ईएलसी प्रशिक्षक अतुल चौहान के निर्देशन में लुइस ब्रेल के जन्म दिवस को सशक्त दिव्यांग मतदाता दिवस के रूप में मनाया गया। प्रशिक्षक चौहान ने बताया कि जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार अग्रवाल द्वारा दिव्यांगों को चुनावी भागीदारी से संबंधित मुद्दों पर संवेदनशील करने हेतु निर्वाचन साक्षरता क्लब के सदस्यों को दिए गए निर्देशों की पालना में विपरपुर, मनियां परिक्षेत्र में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इससे क्लब सदस्य निर्वाचन आयोग एवं जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगों को दी जा रही सुविधाओं को जानकर उन्हें लाभान्वित करने में सहयोग कर सकें।
चौहान ने बताया कि मतदान केंद्र पर संकेतक सूचक, हेल्प डेस्क, भूतल पर मतदान केंद्र, निर्धारित मानकों पर आधारित रैंप, प्रवेश द्वार से मतदान बूथ तक बाधा रहित मार्ग, शौचालय, दिव्यांगों के लिए सुविधाजनक फर्नीचर, बूथ स्वयंसेवक, मतदान संबंधी सूचना वाले पोस्टर, विशिष्ट परिवहन सुविधा, साथी द्वारा साथ जाकर मतदान करने सहित ब्रेल लिपि युक्त ईवीएम, ब्रेल बैलेट गाइड की सुविधा से दिव्यांगों का मतदान करना सुविधाजनक हुआ है। इसी के साथ उन्होंने दिव्यांगों के लिए चुनाव आयोग द्वारा नवाचार करते हुए होम वोटिंग की प्रदत्त सुविधा के बारे में भी जानकारी दी। ई एल सी प्रशिक्षक चौहान ने दिव्यांगों के लिए तकनीकी समाधान हेतु सक्षम एप की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें दिव्यांग मतदाताओं को चार श्रेणियों पंजीकरण, सुविधा, खोज, सूचना और शिकायत में सहायता प्राप्त होती है, जिसमें मतदाता पंजीकरण, वोट का स्थानांतरण, सुधार, सुविधाओं में पिक एंड ड्रॉप सुविधा, मतदान केंद्र की जानकारी, उम्मीदवारों की जानकारी के साथ अपनी समस्या या शंका का समाधान भी किया जा सकता है। उन्होंने क्लब सदस्यों से अपने परिवार, पड़ोस और गांव में रहने वाले दिव्यांगों के प्रति संवेदनशील रहकर उन्हें लोकतंत्र के उत्सव में भागीदारी करने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार अग्रवाल ने चुनावी कार्मिकों को दिव्यांगों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें प्रोत्साहित करने का संदेश प्रशिक्षणों में भी प्रदान किया है। इससे वह अपने मताधिकार का उपयोग बिना किसी बाधा के कर सकें।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!