चित्तौड़गढ़ पहुंचे चुनाव पर्यवेक्षक, तैयारियों का लिया जायजा
चित्तौड़गढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों के बीच राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक हिम्मत सिंह बारेठ चित्तौड़गढ़ पहुंचे। जिले में चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए उन्होंने अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
चित्तौड़गढ़ पहुंचने के बाद पर्यवेक्षक ने प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन तैयारियों, कानून-व्यवस्था और चुनाव से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। अधिकारियों से मिली जानकारी के आधार पर उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
हिम्मत सिंह बारेठ राजस्थान, जयपुर में आयुक्त, विभागीय जांच के पद पर कार्यरत हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने उन्हें नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
पर्यवेक्षक ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी व्यवस्थाएं आयोग के निर्धारित नियमों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने निर्वाचन कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक सावधानियां बरतने पर जोर दिया।
आमजन और प्रत्याशी कर सकते हैं संपर्क
चुनाव से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए आम नागरिक, राजनीतिक दल और चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थी भी पर्यवेक्षक से संपर्क कर सकेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इसके लिए सर्किट हाउस, चित्तौड़गढ़ में कार्यालय समय के दौरान पर्यवेक्षक से मुलाकात की जा सकती है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों को समय पर सामने लाना और उनका नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन की ओर से भी चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण बनाने के लिए तैयारियों को आगे बढ़ाया जा रहा है।