बिजली आती कम है, जाती ज्यादा है-नीलिमा आमेरा
टोंक। शहर में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के दौरान बिजली की अनियमित सप्लाई के कारण आमजन गर्मी से त्रस्त है, वहीें बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी अपने एयरकंडीशन कमरों में आराम फरमा रहे है। प्रतिदिन बिजली की अनियमित सप्लाई व्यवस्था से परेशान होकर समाजसेवी नीलिमा सिंह आमेरा ने अपने सहयोगियों के साथ अधीक्षण अभियंता युवराज आसीवाल से भेंट कर शहर में इन दिनों हो रही बिजली की अनियमित सप्लाई की ओर ध्यान दिलाया। उन्होने बताया कि सवाई माधोपुर रोड़ से जुड़ी हुए वार्डों एवं कॉलोनियों में विद्युत ट्रिपिंग एवं अघोषित कटौती के कारण इस भीषण गर्मी में आम नागरिक त्रस्त है। अधीक्षक अभियन्ता युवराज आसीवाल ने नीलिमा सिंह आमेरा को जानकारी देते हुए बताया कि शहर के इस क्षेत्र की फीडर पर क्षमता से अधिक विद्युत भार, जीएसएस का ब्रेकर खराब होने के कारण एवं बिजली सप्लाई का सिस्टम काफी पुराना होने के कारण ऐसी परेशानियों का सामना शहरवासियों को करना पड़ रहा है। उन्होने बताया कि प्रसारण निगम द्वारा नए जीएसएस के निर्माण हेतु भूमि परिसर के आवंटन की सहमति जारी हो चुकी है, अतिशीघ्र उप-केंद्र सोनवा मोड़ पर 132 के वी जीएसएस का प्रारंभ किया जाएगा, जिसका प्रस्ताव जयपुर डिस्कॉम को भेज दिया गया है। तात्कालिक व्यवस्था के लिए ट्रांसफार्मरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इस मौके पर एड. रमा चौधरी, एड. हर्षित एवं संगीता सेन आदि मौजूद थे।