Dark Mode
होम वोटिंग की सुविधा पात्र मतदाताओं को आ रही रास

होम वोटिंग की सुविधा पात्र मतदाताओं को आ रही रास

झालावाड़। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 80 वर्ष से अधिक आयु एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं के लिए प्रारंभ की गई होम वोटिंग की प्रक्रिया के दूसरे दिन भी पात्र मतदाताओं ने गर्व के साथ अपना मत डालकर लोकतंत्र के त्यौहार में भागीदारी सुनिश्चित की।
90 वर्षीय बुजुर्ग शिवनारायण ने घर पर मतदान कर लोकतंत्र के त्यौहार में निभाई भागीदारी
विधानसभा क्षेत्र झालरापाटन के ग्राम रामपुरिया निवासी 90 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता शिव नारायण ने बुधवार को होम वोटिंग की प्रक्रिया के दौरान स्वयं के घर पर पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान किया। मतदान के पश्चात् उन्होंने खुश होते हुए कहा कि ये बहुत अच्छा अवसर है कि हम लोकतंत्र के इस महान पर्व में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं भारत निर्वाचन आयोग की होम वोटिंग की पहल से मुझे भी 90 वर्ष की उम्र में घर पर ही मतदान करने का अवसर प्राप्त हुआ है।


भैरूलाल ने स्वयं के घर से किया मतदान
विधानसभा चुनाव 2023 के तहत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रारंभ की गई होम वोटिंग की सुविधा से जिले के विधानसभा क्षेत्र डग के ग्राम पीपलिया निवासी 80 वर्षीय भैरूलाल ने बुधवार को बड़ी सरलता से पूर्ण गोपनीयता के साथ अपने मताधिकार का उपयोग किया।
होम वोटिंग के लिए जैसे ही मतदान दल भैरूलाल के घर पहुंचा तो उन्होंने बहुत ही सहज भाव से मतदान दल के निर्देशानुसार अपना मत डाला और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई होम वोटिंग की सुविधा के लिए प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम बुजुर्ग अपने मत का उपयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपना योगदान दे रहे हैं उसी प्रकार हर पात्र नागरिक अपना-अपना वोट अवश्य डालें।


104 वर्षीय बुजुर्ग महिला रतन बाई ने डाला वोट
विधानसभा क्षेत्र मनोहरथाना के ग्राम बनेठ निवासी 104 वर्षीय रतन बाई ने होम वोटिंग की सुविधा का लाभ उठाते हुए विधानसभा चुनाव 2023 के तहत अपना वोट डाला। रतन बाई द्वारा होम वोटिंग के लिए आवेदन किए जाने के पश्चात् बुधवार को मतदान दल उनके घर पहुंचा। जहां भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सम्पूर्ण प्रक्रिया का पालन करते हुए मतदान दल द्वारा रतन बाई से पोस्टल बैलेट के माध्यम से उनका वोट डलवाया गया। मतदान करने के पश्चात् रतन बाई ने कहा कि वह मतदान करने के लिए पोलिंग बूथ तक जाने में समर्थ नहीं थी। लेकिन होम वोटिंग की सुविधा से हम बुजुर्ग लोगों को लोकतंत्र के त्यौहार में भागीदारी सुनिश्चित करने का सुअवसर प्राप्त हो सका है।


दिव्यांग भीमराज ने कहा होम वोटिंग की सुविधा से मिला मतदान का सुअवसर
विधानसभा क्षेत्र खानपुर के ग्राम अम्बाला निवासी दिव्यांग मतदाता भीमराज ने होम वोटिंग के तहत अपने मत का उपयोग करते हुए कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है जिसमें ईवीएम व वीवीपेट के माध्यम से निष्पक्ष रूप से मतदान होना एक बहुत बड़ी बात है। परन्तु उससे भी बड़ी बात अब होम वोटिंग की सुविधा प्रारम्भ होना है जिसके माध्यम से मतदान केन्द्र पर पहुंचने में असमर्थ लोगों के घर-घर जाकर उनका मतदान पोस्टल बैलेट के माध्यम से पूर्ण गोपनीयता के साथ डलवाया जा रहा है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!