सांसी समाज की शमशान भूमि पर भी अतिक्रमियों ने किया कब्जा
फलोदी. जिला मुख्यालय पर विभिन्न स्थानों पर हुए अतिक्रमण की बाढ में अब भू-माफियाओं ने शमशान भूमि पर भी अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है। फलोदी नगर परिषद के वार्ड नंबर 36 बरकत काॅलोनी में सांसी बस्ती के पास आईडीएसपी सभा भवन के पास स्थित सांसी समाज के शमशान घाट पर विधानसभा चुनाव के दरम्यान अतिक्रमियों ने कब्जा कर लिया गया है। उल्लेखनीय है कि सांसी बस्ती के पास आईडीएसपी सभा भवन के पास में सांसी समाज का शमशान घाट बना हुआ है, जिसमें सांसी समाज के मृतकों का अंतिम संस्कार किया जाता है। विधानसभा चुनाव प्रक्रिया के दौरान कुछ भू माफियाओं ने मिलकर इस शमशान भूमि पर कोटड़ियां बनाकर एवं पट्टियां लगाकर अतिक्रमण कर लिया है। इस संबंध में स्थानीय पार्षद मुकेश भंवरलाल सांसी द्वारा फलोदी नगर परिषद आयुक्त को अवगत कई करवाया गया है, लेकिन अभी तक अतिक्रमण नही हटाये गये है। सांसी समुदाय दलित समुदाय में बहुत ही गरीब एवं घुमंतू वर्ग है, सांसी समाज के पास फलोदी में शहर इस शमशान भूमि के अलावा कहीं पर भी शमशान भूमि नही है। शमशान भूमि पर से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को दलित अधिकार अभियान कमेटी फलोदी के बैनर तले जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, उप जिला कलक्टर डाॅ. अर्चना व्यास, सभापति पन्नालाल व्यास एवं आयुक्त जगमोहन हर्ष को ज्ञापन दिया गया है। इस अवसर पर दलित अधिकार अभियान कमेटी फलोदी के सचिव अशोक कुमार मेघवाल, वरिष्ठ समाज सेवी दानाराम सांसी, भंवरलाल सांसी, पार्षद मुकेश कुमार सांसी, समता सैनिक दल फलोदी के अध्यक्ष चंदन कुमार मेघवाल, जेठाराम आदि उपस्थित रहे। जिला कलक्टर संधू एवं एसडीएम व्यास ने सांसी समाज की शमशान भूमि पर से अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक भरोसा दिलाया है।