अमरपुरा राणेरी में 400 बीघा सरकारी भूमि से हटाये अतिक्रमण
बाप। स्थानीय राजस्व विभाग सरकारी भूमि पर हो रखे अतिक्रमण को हटाने की लगातार कार्यवाही कर रहा है। सोमवार को हाईकोर्ट जोधपुर के आदेशानुसार शेखासर उप तहसील क्षेत्र के राणेरी पंचायत में बेशकीमति सरकारी भूूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। कार्यवाही के दौरान कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस जाब्ता तैनात रहा। तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मुस्तैद रही। अमरपुरा राणेरी के ग्रामीण दो वर्षो से अधिक समय से अतिक्रमण हटाने की मांग करते आ रहे थे।
तहसीलदार शिव प्रकाश शर्मा को बाप में पदभार ग्रहण किये दो माह ही हुए है। इस दौरान उन्होने तीन बार अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही कर दी। पहले बाप कस्बे में इसके बाद अखाधना में अवैध कब्जे हटाये गये। सोमवार को तीसरी कार्यवाही राणेरी पंचायत में हुई। तहसीलदार शर्मा ने बताया कि अमरपुरा राणेरी में खसरा नंबर 95 व 106 मेंं 20 किसानो ने बेशकीमती 400 बीघा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर रखा था। तहसीलदार शर्मा ने बताया कि करीब 1000 पटि्टया रोप कर तारबंदी की हुई थी। जिसे हटाकर उक्त जमीन को अतिक्रमण मुक्त कर दिया है। राणेरी पंचायत ने अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी वगैरा उपलब्ध करवाई। कार्यवाही के दौरान बाप पुलिस जाब्ता सहित तहसीलदार शिव प्रकाश शर्मा, शेखासर नायब तहसीलदार रामेश्वरलाल, गिरदावर हनुमानराम, आरआई शेखासर ठाकरदास, पटवारी भूराराम टेकरा, पटवारी दिनेश शेखासर, पटवारी सोहनलाल देदासरी आदि मौजूद रहे।