ऊर्जा मंत्री भाटी ने मोटावता में किया उप स्वास्थ्य केन्द्र का उद्घाटन
शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण भी अहम-ऊर्जा मंत्री
बीकानेर। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने गुरुवार को ग्राम पंचायत गंगापुरा के मोटावता में राजकीय उप स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। यह गंगापुरा ग्राम पंचायत का दूसरा उप स्वास्थ्य केन्द्र है। इसके निर्माण पर 41 लाख रूपये खर्च किए गए हैं।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने निरोगी राजस्थान के सपने को साकार किया है। आज प्रदेश के चिकित्सा तंत्र में आमूलचूल बदलाव हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य की सेवाएं बहुत जरूरी हैं। इसके मद्देनजर संकल्प बद्धता के साथ कार्य किए जा रहे हैं। राजस्थान में उच्च शिक्षा, सामान्य शिक्षा और तकनीकी शिक्षा का विस्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने पिछले कार्यकाल में मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा व निःशुल्क जांच योजना शुरू कर जनता को बड़ी राहत दी। अब मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 25 लाख रुपये तक के उपचार की जिम्मदारी राज्य सरकार ने ली है। दुर्घटना बीमा की राशि बढ़ाकर 10 लाख रूपये कर दी है। उन्होंने ग्राम पंचायत गंगापुरा को मोटावता में जरूरत का कार्य करवाने के लिए 15 लाख रूपये उपलब्ध कराने की घोषणा की और कहा कि मोटवता-टैचरी फांटा, मोटावता-लाखासर व मोटावता-खारी रोड स्वीकृत करवाई जायेगी। साथ ही मोटावता-गंगापुरा के लिए जीएसएस बनाया जायेगा।
*महंगाई से मिलेगी राहत-*
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि प्रत्येक व्यक्ति को महंगाई से राहत मिले। इसे ध्यान रखते हुए गांव-गांव में प्रशासन गांवों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत के स्थाई एवं अस्थाई कैंप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति इन शिविरों में जाए तथा पात्रता के अनुसार अधिकतम योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि देशभर में पहली बार ऐसे शिविर आयोजित हो रहे हैं, जिनसे प्रत्येक परिवार को लाभ मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा और दुर्घटना बीमा, इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर अनुदान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन,मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा फूड किट सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया।
उर्जा मंत्री भंवरसिंह भाटी ने कहा कि बालिकाएं अच्छी शिक्षा हासिल कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। मोटावता में प्लान इंडिया की ओर से संचालित बालिका शिविर में गुरूवार को बालिकाओं से रूबरू होते हुए श्री भाटी ने यह बात कही। भाटी ने कहा कि जीवन में शिक्षा का कोई विकल्प नहीं है। राज्य सरकार द्वारा बालिका शिक्षा के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उच्च शिक्षा के लिए दूर दराज के क्षेत्रों में कॉलेज खोले गए हैं। इससे बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर मौके मिलेंगे।भाटी ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को जीवन में आने वाली चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए तैयार करती है। कुछ कारणों से कई बालिकाओं की स्कूली शिक्षा बीच में छूट जाती है। प्लान इंडिया जैसी संस्थाएं बालिका शिविरों के माध्यम से इन बालिकाओं को शिक्षा से पुनः जुड़ने का अवसर देती है। बालिकाएं इनका लाभ लें और अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करें। उन्होंने कहा कि मोटावता में उच्च माध्यमिक विद्यालय खोलने के लिए शीघ्र प्रयास किए जाएंगे। प्लान इंडिया के ज्ञानेन्द्र श्रीमाली ने बताया कि कक्षा 10 तक ड्राप आउट हुई बच्चियों को स्टेट ओपन बोर्ड के माध्यम से दसवीं कक्षा के लिए आवेदन करवाया गया है। मोटवता में संचालित शिविर में 26 बालिकाओं को कोचिंग दी जा रहा है। साथ ही 12 वीं कक्षा में ड्रॉप आउट हुई बालिकाओं के लिए ओपन बोर्ड में आवेदन करवाए जाएंगे। इस अवसर पर उप प्रधान कोलायत रेवन्त राम संवाल,झंवर लाल सेठिया सहित पंचायत राज जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने गुरुवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खारिया पतावतान में नाबार्ड आरआईओएफ और राज्य मद से 30.42 लाख रुपए की लागत से बने दो हॉल मय बरामदा और मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत तैयार आईसीटी लैब का उद्घाटन किया।ऊर्जा मंत्री ने कहा कि लैब का शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। शिक्षा के क्षेत्र में आईसीटी का पाठ्यक्रम से एकीकरण होने पर छात्रों की उपलब्धियों पर बहुत ही सकारात्मक और महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा है। खासकर गणित, विज्ञान और सामाजिक अध्ययन जैसे विषयों में ज्ञान- समझ, व्यावहारिक कौशल और प्रस्तुति कौशल के संदर्भ में यह महत्वपूर्ण साबित हुआ है।उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए शैक्षिक प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि कंप्यूटर की सहायता से शिक्षण को और बेहतर बनाने की दिशा में यह उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में आई सी टी लैब राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (आरएमएसए) का एक महत्वपूर्ण भाग है। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय के विकास की आवश्यकताओं पूरा करवाया जायेगा। उन्होंने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालय में कक्षा-कक्षों की कमी को देखते हुए समग्र शिक्षा के तहत तीन अतिरिक्त कक्षा-कक्ष और तैयार करवाएं जाएं।ऊर्जा मंत्री को खारिया पातावतान में बिजली की समस्या की जानकारी मिलने पर उन्होंने विद्युत विभाग के अभियन्ताओं को निर्देशित किया कि गांव की बिजली संबंधित समस्या का समाधान आज ही किया जाए। साथ ही उन्होंने घरों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में स्टॉफ की कमी को दूर करने के लिए राज्य में शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। भर्ती होने पर विद्यालयों में शिक्षक लगाए जायेंगे।
झंवर लाल सेठिया ने विद्यालय को 200 टैबल कुर्सी देने की घोषणा की।
ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी के प्रयासों से श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में नई सौगातें मिली हैं।ऊर्जा मंत्री ने बताया कि श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के पलाना में राजकीय प्राथमिक संस्कृत विद्यालय, गज्जेवाला के 16 जीडबल्यूएम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय तथा कोटड़ी के बेलदारों का बास में नए राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्वीकृत किए हैं।
उन्होंने बताया कि गाढ़वाला की राजकीय प्रवेशिका संस्कृत विद्यालय को राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय (कक्षा 12 तक) एवं रा.प्रा.वि. 14 डीओबीबी गोकुल को रा.उ.प्रा.वि. में क्रमोन्नत किया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में नए स्कूल स्वीकृत होने और इनके क्रमोनयन से विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
उन्होंने बताया कि गाढ़वाला की राजकीय प्रवेशिका संस्कृत विद्यालय को राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय (कक्षा 12 तक) एवं रा.प्रा.वि. 14 डीओबीबी गोकुल को रा.उ.प्रा.वि. में क्रमोन्नत किया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में नए स्कूल स्वीकृत होने और इनके क्रमोनयन से विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।