Dark Mode
 ऊर्जा मंत्री ने गजनेर के स्कूल में किया कक्षा कक्षों का लोकार्पण

 ऊर्जा मंत्री ने गजनेर के स्कूल में किया कक्षा कक्षों का लोकार्पण


बीकानेर। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने गुरुवार को अपने विधानसभा कोलायत के गांव गजनेर के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में समग्र शिक्षा की ओर से 9.77 लाख रुपये की लागत से तैयार कक्षा कक्षों का लोकार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा आज की सबसे बड़ी जरूरत है। हमारी बेटियां जितनी पढ़ी-लिखी होंगी, उतना ही समाज आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटी दो घरों को रोशन करती है। वहीं पढ़ी-लिखी मां के बच्चे भी शिक्षित होते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा को आगे बढ़ाने की दिशा में संकल्पबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के पचास से अधिका उच्च प्राथमिक विद्यालयों को उच्च माध्यमिक के रूप में क्रमोन्नत किया है। क्षेत्र में 25 से अधिक महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल खुले हैं। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में बेटियां भी पढ़ रही हैं।
भाटी ने कहा कि आजादी से लेकर वर्ष 2018 तक प्रदेश में 230 महाविद्यालय खुले। वहीं पिछले साढे चार वर्षों में मुख्यमंत्री  अशोक गहलोत ने प्रदेश में 300 से अधिक काॅलेज खोले हैं। कोलायत क्षेत्र में भी वर्ष 2018 तक एक भी सरकारी काॅलेज नहीं था। अब यहां सात महाविद्यालय खोल दिए गए हैं। इनमें बज्जू और कोलायत उपखण्ड मुख्यालय पर कन्या महाविद्यालय खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में यहां काॅलेज नहीं होने से बच्चों को या तो उच्च शिक्षा के लिए बीकानेर जाना पड़ता या उनकी पढ़ाई छूट जाती।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए अनेक योजनाएं चलाई है। वर्तमान में देशभर में चल रही आर्थिक मंदी और महंगाई के दौर में आमजन को संबल देने के लिए मुख्यमंत्री की पहल पर प्रदेश भर में महंगाई राहत शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाई गई है। अब वृद्ध दंपति को कम से कम दो हजार रुपये पेंशन मिलेगी। इससे उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने सभी पात्र लोगों को इन शिविरों में पंजीकरण करवाने का आह्वान किया।
*विधायक निधि से विकास कार्य करवाने की घोषणा* ऊर्जा मंत्री ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गजनेर के नए भवन के लिए 10 बीघा भूमि आवंटन के लिए उपखंड अधिकारी को निर्देश दिए। साथ ही गजनेर में खेल मैदान के लिए भूमि चिन्हित के लिए निर्देशित किया। गजनेर में रनिंग ट्रेक बनाने के लिए 5 लाख रुपए विधायक निधि से देने अलावा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गजनेर में विकास कार्य के लिए विधायक निधि कोष से 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि  इस बालिका विद्यालय में टीन शेड व शौचालय बनाने के लिए पंचायत समिति मद से राशि स्वीकृत कर निर्माण करवाया जायेगा।
*अग्नेऊ और खारी चारणान में कक्षा-कक्षों का लोकार्पण*-
ऊर्जा मंत्री भाटी ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय खारी चारणान में 30 लाख रूपये की लागत से बने तीन कक्षा-कक्ष का उद्घाटन किया। विधायक निधि कोष से खारी चारणान की बॉयज उच्च माध्यमिक विद्यालय और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय को 5-5 लाख रुपए फर्नीचर के लिए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शीघ्र ही टीन शेड का निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि खारी चारणान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत हो, इसके प्रयास चल रहे हैं। गांव की महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में कक्षा कक्ष की कमी को देखते हुए और कक्षा कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय में 225 टेबल कुर्सी का सेट पंचायत समिति मद से बनवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खारी चारणान में आगामी एक सप्ताह में ट्यूबवेल स्वीकृत हो जाएगा।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने खारी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खुलवाने, पेयजल की समस्या का समाधान करवाने, खारी फांटा से गंगापुरा रोड को 7 मीटर चौड़ी करने, टैचरी फांटा से नोखा दैय्या को सड़क से जोड़ने की मांग रखी। ऊर्जा मंत्री ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय अग्नेऊ में 16.37 लाख रुपए की लागत से बने दो कक्षा-कक्षों का उद्घाटन भी किया।
 वहीं दूसरी ओर  ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी के प्रयासों से श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के पांच गांवों में नए ट्यूबवेल निर्माण के लिए 2 करोड़ 19 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
ऊर्जा मंत्री भाटी ने गुरुवार को बताया कि लुम्बासर में ट्यूबवेल निर्माण के लिए 47.18 लाख, खारिया पतावतान एवं भोम हेमसिंह में 41.08-41.08 लाख, गंगापुरा में 46.47 लाख तथा सियाणा जोधासर में 43.32 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। उनहोंने बताया कि इन ट्यूबवेल का निर्माण हो जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए पेयजल समस्या का स्थाई समाधान होगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को यह कार्य अविलम्ब करने के निर्देष दिए हैं। उन्होंने बताया कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को पेयजल को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके मद्देनजर संकल्पबद्धता के साथ प्रयास किए जा रहे हैं। आगे भी इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री  अशोक गहलोत और जलदाय मंत्री  महेश जोशी का आभार जताया है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!