ऊर्जा मंत्री का दिल्ली दौरा: केंद्रीय रेल मंत्री से की मुलाकात
राजस्थान के लिए कोयला आपूर्ति हेतु जरूरी रेलवे रैक्स उपलब्ध
करवाने की केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष रखी मांग
जयपुर । नई दिल्ली के रेल भवन में मंगलवार को राजस्थान के ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की, मुलाकात के बाद मंत्री भाटी ने कहा कि राजस्थान में जो कोयला आधारित प्लांटों में बिजली का उत्पादन होता है उनको कोयला पर्याप्त मात्रा में मिले, समय पर वहां पहुंचे, इसके लिए कोयला ट्रांसपोर्टेशन हेतु रेलवे की रैक्स की बहुत बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में जिन- जिन रूट से कोयला राजस्थान के लिए लाया जाता है वहां पर वर्तमान में जितनी रेलवे रैक्स मिल रही है वह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि रेलवे को रेलवे रैक्स राजस्थान के मांग के अनुसार बढ़ाई जानी चाहिए।
भाटी ने कहा कि राजस्थान में गर्मी के दौरान अप्रैल, मई-जून जो बिजली मांग के हिसाब से पीक टाइम रहेगा तब बिजली की मांग एकदम से ज्यादा बढ़ जाती है और ऐसी स्थिति से निपटने के लिए हमारे कोयला आधारित बिजली प्लांटों पर कोयला की आपूर्ति होना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभी हमारे पास करीब 165 से भी अधिक रैक्स कोयला अलग-अलग साइट पर पड़ा हुआ है । लेकिन उसे अभी हम राजस्थान पहुंचा नहीं पा रहे हैं क्योंकि अभी हमें रेलवे की तरफ से कोयला रैक्स उपलब्ध नहीं हो पा रही है। हमने रेल मंत्री को सारी बातें बताई हैं उन्होंने सकारात्मक रूप से हमारी सारी बातें सुनी है और आने वाले समय में उन्होंने सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन भी दिया है।
केंद्रीय रेल मंत्री के साथ बैठक के दौरान राजस्थान ऊर्जा विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेट्री श्री भास्कर ए. सावंत और दिल्ली में राजस्थान के आवासीय आयुक्त श्री धीरज श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।