मतदान केन्द्रों पर आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित करें : जिला कलक्टर
झालावाड़। आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में आमजन को मतदान के लिए जागरूक करने हेतु सभी अधिकारियों को उनके कार्यालयों एवं कार्य स्थलों पर मतदाता जागरूकता संबंधी बैनर व पोस्टर लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग स्वीप अभियान के तहत मतदाता जागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित करें। उन्होंने मरीजों की परामर्श पर्ची पर मतदान हेतु संदेश लिखवाने तथा सभी राशन की दुकानों पर मतदाता जागरूकता संबंधी बैनर व पोस्टर लगवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज एवं एसआरजी चिकित्सालय में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज में चल रहे सीवरेज ट्रीटमेन्ट प्लान्ट के कार्य की समुचित मॉनिटरिंग के निर्देश एसआरजी चिकित्सालय के अधीक्षक को दिए। इस दौरान मेडिकल कॉलेज में क्रिटीकल केयर वार्ड के लिए जमीन आवंटन के संबंध में चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दुधालिया में पेयजल की व्यापक व्यवस्था के लिए टैंकरों से जलापूर्ति के निर्देश जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को दिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सभी मतदान केन्द्रों पर जलापूर्ति की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित करें।
इस दौरान उन्होंने जिला रसद अधिकारी से जिले में समर्थन मूल्य पर चल रही गेहूं की खरीद की व्यवस्था की जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए मतदान तिथि 26 अप्रेल को मतदान केन्द्रों पर निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश जेवीवीएनएल के अधिकारी को दिए। उन्होंने जिले में बेसहारा घूम रहे नन्दियों के बधियाकरण के कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए उक्त कार्य को निरन्तर जारी रखने के निर्देश पशुपालन विभाग के अधिकारी को दिए। साथ ही उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को उनके विभागों से संबंधित सम्पर्क पोर्टल पर लम्बित चल रहे प्रकरणों के नियमित रूप से निस्तारण करवाने के निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), महिला एवं बाल विकास, कृषि, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर सत्यनारायण आमेटा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।