बच्चों का खूब उत्साहवर्धन , डिजाइनर्स की ड्रेस पहन कर अपनी मुस्कान के जलवे बिखेर
सीकर । सुहाना मौसम, रंग बिरंगी रोशनी, डीजे की तेज धुन, कैमरों की गिरती फ्लश लाईट, सैंकड़ों मोबाइलों में कैद होता अल्हड़पन और रैम्पवॉक करते मासूम बच्चे,कोई चश्मा पहन कर इतरा रहा था, तो कोई डिजाइनर्स की ड्रेस पहन कर अपनी मुस्कान के जलवे बिखेर रहा था, कुछ ऐसा ही नजारा था रात को लोहिया रिसोर्ट में आयोजित आईएलएफएच सीजन 7 का।आईएलएफएच और शेखावाटी अब तक न्यूज की ओर से सीकर में फैशन शो का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने ब्राण्डेड कम्पनियों की डिजाइनर ड्रेसेज के साथ रैम्पवॉक कर अपना हुनर दिखाया, तो मौजूद लोगों की तालियों की गडग़ड़ाहट से सारा हॉल गूंज उठा।बच्चों के नखराले अंदाज के साथ रैम्पवॉक को देखकर लोग मुस्कुराये बिना नहीं रह सके। उपस्थित सभी लोगों ने बच्चों का खूब उत्साहवर्धन किया, हर प्रतिभागी बच्चे ने अपनी शानदार प्रस्तुतियां दी। वहीं कई बच्चों के साथ तो उनकी मम्मी भी रैम्पवॉक करने से अपने आप को नहीं रोक सकी। छोटे बच्चों की शरारत तो सभी ने देखी होगी, लेकिन किड्स फैशन शो में बच्चों का आत्मविश्वास और ग्लैमर शायद न देखा हो। लेकिन आईएलएफएच 7 में शेखावाटी अब तक चैनल की ओर से आयोजित फैशन शो में बच्चों का हुनर देखकर लोग दंग रह गए। बच्चों के फैशन अंदाज को सभी ने सराहा। रैंप वाक में सभी नन्हे बच्चों ने फैशन का जलवा दिखाया। खासकर बच्चों ने सभी का दिल जीत लिया। किसी प्रोफेशनल की तरह बच्चों ने रैंप में वाक किया। किसी ने हाथ दिखाकरए किसी ने हवा में हाथ लहराकर तो किसी ने भारतीय सभ्यता को बताते हुए झुककर नमस्कार किया। फैशन शो में प्रोफेशनल सुपर मॉडल्स ने शेखावाटी की कला संस्कृति से ओतप्रोत ड्रेसेज, यहां के पीला चुनड़ी, लहंगा चुन्नी, वैवाहिक ड्रेसेज को नये अंदाज में शो किया तो महिलाएं खूब प्रभावित नजर आई। उपस्थित अतिथियों, शहर के गणमान्यजनों ने फैशन शो को देखकर खूब प्रसन्नता जताई। उन्होने कहा कि ऐसा शो सीकर में पहली बार आयोजित हुआ है, जिसमें बच्चों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। अतिथियों ने कहा अभी तक ऐसे शो बड़े शहरों में ही होते देखे थे, या फिर टीवी पर देखते थे। लेकिन सीकर में ऐसा आयोजन देखकर अच्छा लगा। डायरेक्टर अनूप चौधरी ने बताया कि सीकर में फैशन डिजाइनर का अच्छा स्कोप है और यहां के बच्चों में अच्छा टेलेंट है। शो से बच्चों का सलेक्शन टीवी सीरियल और फिल्मों के लिये पहले भी हो चुका है। अब यहां के बच्चों की प्रोफाईल भी बॉलिवुड तक पहुंचेगी। इससे पूर्व फैशन शो का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें बतौर अतिथि पूर्व प्रशासनिक अधिकारी ईश्वर सिंह राठौड़, उप जिला प्रमुख ताराचंद धायल, भाजपा प्रदेश मंत्री मधु कुमावत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजकुमार जोशी, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिता शर्मा, शेखावाटी अब तक न्यूज की कॉ डायरेक्टर सिमरन मुन्दौरी, सम्पादक इक़बाल अली, दैनिक आस पास के सम्पादक कार्तिकेय शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन मौजूद रहे। इस अवसर पर आए हुए अतिथियों, शहर के गणमान्यजनों, स्पोंसर्स और प्रतिभागियों का प्रबंधन ने आभार जताया।