प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित
शिक्षा सभी बच्चों का अधिकार, कोई भी वंचित नहीं रहे-संभागीय आयुक्त
कोटा । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा नवजीवन योजनान्तर्गत चिन्हित परिवारों के बच्चों के शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में सम्भागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने गुरूवार को लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में बच्चों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा सभी बच्चों का अधिकार है और उन्हें शिक्षा से जोड़ने के लिए हम सभी को प्रयास करने चाहिए ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहे, शिक्षा के माध्यम से ही व्यक्ति के स्वयं का, परिवार का एवं राष्ट्र का उत्थान सम्भव है।
सम्भागीय आयुक्त ने कहा कि समाज में कई वर्ग, जाति एवं समुदाय अभी भी शिक्षा के प्रति जागरूक नहीं है। ऐसे परिवारों के लिए संचालित नवजीवन योजना में चिन्हित परिवारों के बच्चों एवं उनके परिजनों को जागरूक कर उन्हें शिक्षा से जोड़ने का हम सभी का दायित्व है। इस अवसर पर सम्भागीय आयुक्त एवं जिला कलक्टर ने इन बच्चों को तिलक लगाकर, माला पहनाकर और मुँह मीठा करवाकर विद्यालय में प्रवेश करवाया एवं इन सभी बच्चों को पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं बेग भी प्रदान किए।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर ओपी बुनकर ने कहा कि नवजीवन योजना के माध्यम से न केवल बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जा रहा है बल्कि ऐसे परिवारों को प्रशिक्षित कर स्वरोजगार से भी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है ताकि ये परिवार शैक्षणिक एवं आर्थिक दृष्टि से सक्षम हो सके। उन्होंने कहा कि जिले में नवाचार के रूप में नवजीवन योजना के पात्रताधारियों को चिन्हित कर उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास किया जा रहा है। जिसके तहत गत वर्ष एक हजार से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ा गया एवं लगभग 115 परिवारों को स्वरोजगार प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया गया। इस वर्ष 2500 बच्चों को शिक्षा से जोड़ने एवं 200 से अधिक व्यक्तियों को प्रशिक्षण दिलाने का लक्ष्य नियत किया गया है।
उप निदेशक ओम प्रकाश तोषनीवाल ने नवजीवन योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए गत् वर्षों में जिले में किये गए कार्यों की जानकारी दी। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक प्रदीप चौधरी ने जिले में नवजीवन योजना में चिन्हित जातियों के इतनी बड़ी संख्या में शाला प्रवेशोत्सव की सराहना की। कार्यक्रम में सहायक निदेशक भगवान सहाय शर्मा, ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी लल्लू प्रसाद महावर, सहायक प्रशासनिक अधिकारी दीपक कुमार सेन, कर्नल अनिल भण्डारी, शिल्पा माथुर, मयूर सक्सेना एवं विद्यालय के समस्त अध्यापक एवं बच्चों के परिजन उपस्थित रहे। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल के निदेशक कुलदीप माथुर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।