कमीशनिंग में ईवीएम प्रोटोकॉल की हो पूर्ण पालना : जिला निर्वाचन अधिकारी
डूंगरपुर। ईवीएम मशीनों के प्रीपेट्री स्टाफ का प्रथम प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कमीशनिंग के दौरान ईवीएम प्रोटोकॉल की अक्षरशः पालना होनी चाहिए। हर कार्मिक ईवीएम-वीवीपैट प्रोटोकॉल से जुड़ी हर बारीकी और दिशा निर्देश ध्यान में रखें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कमीशनिंग के समय कोई भी कार्मिक मोबाइल साथ नहीं ले जाए और इस बात का ध्यान रखें कि वीवीपैट सूर्य की रोशनी के सीधे संपर्क में न आए। उन्होंने चारों एआरओ लेवल पर गठित टीम को कमीशनिंग की प्रक्रिया को अच्छे से समझने के निर्देश देते हुए कहा कि ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग चुनाव का महत्वपूर्ण कार्य है। कमीशनिंग के पश्चात भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित संख्या और प्रोटोकॉल के अनुरूप ईवीएम में मॉक पोल की प्रक्रिया संपन्न करवाई जाए। मॉक पोल की प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूर्ण पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की जाए।
इससे पहले एसएलएमटी रमेश चंद्र जोशी और वैभव पाठक ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को ईवीवीएम प्रोटोकॉल व अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। डीएलएमटी ईवीएम ललित जोशी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नामांकन के बाद श्री भोगीलाल पण्ड्या राजकीय महाविद्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में रेंडमली 5 प्रतिशत ईवीएम में मॉक पोल करवाया जाएगा। इस दौरान ईवीएम का चयन भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से ही करवाया जाएगा।