काउंटिंग पर्यवेक्षक और सहायकों को दी ईवीएम की ट्रेनिंग, पारदर्शिता पर फोकस
धौलपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव की मतगणना को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में काउंटिंग सुपरवाइजर और काउंटिंग सहायकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में धौलपुर रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के सीलिंग प्रभारी और सीलिंग सहायकों को भी शामिल किया गया। प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बीटी के निर्देशानुसार मतगणना प्रक्रिया की एक-एक बारीकी को प्रायोगिक रूप से समझाया गया। प्रशिक्षण में बताया कि मतगणना के दौरान अभ्यर्थी, निर्वाचन एजेंट और गणन अभिकर्ताओं के समक्ष कंट्रोल यूनिट की सीलिंग कैसे खोली जाएगी। कंट्रोल यूनिट में लगे एड्रेस टैग, स्ट्रिप सील और पिंक पेपर सील को दिखाकर पीठासीन अधिकारियों द्वारा भरे गए प्रपत्रों से मिलान किया जाएगा और फिर डिस्प्ले खंड पर प्रत्येक अभ्यर्थी को प्राप्त मतों को काउंटिंग एजेंट के समक्ष प्रदर्शित किया जाएगा। रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के स्टाफ को कंट्रोल यूनिट से डीएमएम निकालकर सील करने और बैटरी निकालकर सीयू जमा करने की प्रक्रिया भी पीपीटी और सीयू के माध्यम से बताई गई। पोस्टल बैलेट की गिनती पहले प्रशिक्षण में बताया गया कि कंट्रोल यूनिट से गिनती शुरू करने से पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी। पोस्टल बैलेट टेबल पर अभ्यर्थियों के समक्ष पहले लिफाफे को खोलकर घोषणा पत्र की जांच करने के बाद ही मतपत्र लिफाफा खोला जाएगा। बैलेट पेपर के अस्वीकृत होने के विभिन्न उदाहरण भी सुपरवाइजर को दिखाए गए।इसके अलावा राउंड शीट पर काउंटिंग एजेंट के हस्ताक्षर लेने, राउंड शीट के आधार पर रिटर्निंग अधिकारी टेबल पर प्रपत्र तैयार कर परिणाम घोषित करने, प्रमाण पत्र जारी करने और शपथ दिलाने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई। प्रशिक्षकों ने काउंटिंग दलों में मौजूद सदस्यों के कार्यों, ईवीएम को उपयुक्त स्थान से एजेंट को दिखाने और काउंटिंग एजेंट को निर्धारित सीट पर ही उपस्थित रहने के नियमों की जानकारी दी। इस अवसर पर धौलपुर नगर परिषद चुनाव की मतगणना में लगे कार्मिक, गणन सुपरवाइजर, सहायक और प्रशिक्षक उपस्थित रहे।