होर्मुज के पास फिर गूंजे धमाके, ईरानी कार्रवाई से बढ़ा तनाव
तेहरान। होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तनाव के बीच ईरान के केश्म द्वीप पर गुरुवार रात दो धमाकों की आवाज सुनाई देने की खबर है। ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि ये धमाके स्थानीय समयानुसार करीब 21:40 बजे सुने गए।
तस्नीम के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट के प्रवेश द्वार के पास ईरानी सशस्त्र बलों की कथित तौर पर 'शत्रुतापूर्ण लक्ष्यों' से भिड़ंत हुई। एजेंसी ने यह भी संकेत दिया कि ईरानी नौसेना को इस घटनाक्रम में मिली कामयाबी से जुड़ी जानकारी आने वाले घंटों में सामने आ सकती है।
हालांकि, होर्मोजगान प्रांत के राजनीतिक, सुरक्षा और सामाजिक मामलों के उप गवर्नर अहमद नफीसी ने अलग जानकारी दी। उनके मुताबिक केश्म द्वीप या प्रांतीय राजधानी बंदर अब्बास पर किसी हमले या अन्य घटना की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी धमाकों की वजह का पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं।
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर नया घटनाक्रम
धमाकों की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने को लेकर क्षेत्रीय स्तर पर बातचीत की खबरें सामने आ रही हैं। सऊदी के अल हदथ और अल अरबिया न्यूज चैनलों ने गुरुवार को उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से दावा किया कि ईरान और ओमान के बीच स्ट्रेट को 60 दिनों के लिए फिर से खोलने के समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है।
सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्तावित समझौते को अभी ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल से मंजूरी मिलना बाकी है। सूत्रों के अनुसार, मंजूरी मिलने के बाद आने वाले दिनों में इसकी आधिकारिक घोषणा हो सकती है। समझौते का मुख्य उद्देश्य होर्मुज के रास्ते समुद्री आवाजाही को फिर से शुरू करना बताया गया है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत स्ट्रेट में प्रवेश करने वाले जहाज ईरान की तरफ वाले समुद्री मार्ग का इस्तेमाल करेंगे, जबकि बाहर जाने वाले जहाज ओमान की ओर के रास्ते से गुजरेंगे। सूत्रों ने यह भी दावा किया कि इस व्यवस्था के तहत किसी तरह का ट्रांजिट शुल्क या सर्विस चार्ज नहीं लगाया जाएगा।
माइन हटाने और सुरक्षित शिपिंग पर जोर
सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में समुद्री मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए संबंधित पक्ष माइन हटाने और तकनीकी प्रक्रिया में सहयोग कर सकते हैं। समझौते को मंजूरी मिलने के बाद अमेरिका और ईरान अपने कथित पीस मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इसके तहत होर्मुज स्ट्रेट से व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही दोबारा शुरू करने और सुरक्षित नेविगेशन से जुड़े पैराग्राफ 5 को सक्रिय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।
अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत भी जारी
सूत्रों के अनुसार, ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थों के जरिए अप्रत्यक्ष संपर्क अभी जारी है और बातचीत अंतिम चरण में पहुंचने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन दावों पर अंतिम आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी के बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर अपनी पकड़ और मजबूत की है। यह घटनाक्रम इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरानी क्षेत्र में किए गए कथित संयुक्त हमलों के बाद सामने आया, जिसके बाद ईरान ने अमेरिका या उससे जुड़े जहाजों की सुरक्षित आवाजाही पर रोक लगा दी थी।