वन मंत्री संजय शर्मा के नाम से फर्जी अकाउंट, निवेश के नाम पर ठगी की साजिश
जयपुर। राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर साइबर ठगों ने सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को निवेश के नाम पर ठगी का निशाना बनाने की कोशिश की है। फर्जी प्रोफाइल के जरिए लोगों को विभिन्न निवेश योजनाओं से जुड़ने और ग्रुप में शामिल होने के संदेश भेजे जा रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही मंत्री संजय शर्मा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यम से लोगों को आगाह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल हो रहा अकाउंट पूरी तरह फर्जी है और उसका उनसे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके नाम से भेजे जाने वाले किसी भी निवेश प्रस्ताव, लिंक या धनराशि संबंधी संदेश पर भरोसा न करें।
मंत्री ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, आधार नंबर या अन्य निजी एवं वित्तीय जानकारी साझा करने से बचें। यदि उनके नाम से कोई संदिग्ध सोशल मीडिया प्रोफाइल दिखाई दे तो उसकी तुरंत संबंधित प्लेटफॉर्म पर शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना या सोशल मीडिया प्रोफाइल की सत्यता की जांच किए बिना उस पर भरोसा नहीं करना चाहिए। जागरूकता और सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।
उधर, पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि साइबर ठग प्रभावशाली व्यक्तियों की पहचान का दुरुपयोग कर लोगों का भरोसा जीतने और वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम देने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस फर्जी अकाउंट संचालित करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।