नकली अल्ट्राटेक सीमेंट का बड़ा खेल उजागर, दिल्ली में दो फैक्ट्रियां सील
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मिलावटी और नकली निर्माण सामग्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दो औद्योगिक इलाकों में चल रही अवैध नकली सीमेंट फैक्ट्रियों का पर्दाफाश किया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की शिकायत के बाद की गई, जिसमें बताया गया था कि रात के समय नकली पैकेजिंग का इस्तेमाल कर नकली सीमेंट तैयार किया जा रहा है और उसे बाजार में असली ब्रांड के नाम पर बेचा जा रहा है।
छापेमारी मंडोली इंडस्ट्रियल एरिया और जवाहर नगर इंडस्ट्रियल एरिया में की गई, जहां पुलिस ने भारी मात्रा में नकली सीमेंट के बैग, खाली पैकिंग सामग्री और उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली मशीनें जब्त कीं।
जांच में सामने आया कि आरोपी खराब हो चुके सीमेंट को पीसकर उसमें क्लिंकर मिलाते थे और फिर उसे ब्रांडेड कंपनी के नकली बैग में भरकर सप्लाई करते थे। यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से चलाया जा रहा था।
इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी रिजवान को गिरफ्तार किया गया है, जो उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले का रहने वाला है और इन अवैध यूनिट्स में सुपरवाइजर के तौर पर काम कर रहा था।
पुलिस ने दोनों फैक्ट्रियों से हजारों नकली सीमेंट बैग, कच्चा माल और तैयार उत्पाद बरामद किए हैं। इसके साथ ही दोनों यूनिट्स को सील कर दिया गया है।
क्राइम ब्रांच ने बताया कि यह पूरा नेटवर्क संगठित तरीके से नकली निर्माण सामग्री के कारोबार में लिप्त था, जिससे आम लोगों को भी गंभीर नुकसान पहुंच सकता था।
फिलहाल पुलिस इस पूरे रैकेट के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की जांच कर रही है।