आमली गांव में खेतों में लगी आग
गंगापुर -भीलवाड़ा. निकटवर्ती आमली गांव के राम रतन नगर में रविवार दोपहर खेतों में आग लगने से वहां अफरा तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार आमली गांव के राम रतन नगर में किशन लाल व नारायण लाल जाट के खेतो में रविवार दोपहर करीब 11 बजे अचानक आग लग गई,जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। खेतों से धुआं उठता देख लोगों ने मौके पर पहुंचकर आसपास के जल स्रोतों से पानी डाल आग बुझाने की कोशिश की किंतु तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की सूचना पर नगर पालिका गंगापुर के दमकल कर्मी शंकरलाल माली, विवेक माली, गोपाल माली सहित अन्य ने मौके पर पहुंचकर दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया किंतु तब तक खेतो में रखा घास,पेड़ पौधे,लकडीया आदि जलकर राख हो गए।