Dark Mode
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत राज्यभर में कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत राज्यभर में कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

जयपुर। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत स्वीकृत जलग्रहण परियोजनाओं में शनिवार को राज्यभर की ग्राम पंचायतों में एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जलग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग के निदेशक मुहम्मद जुनेद ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कृषकों को जल एवं मृदा संरक्षण सहित कृषि एवं आजीविका से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करना है।

“कृषक जागृति से उन्नति की ओर” की भावना के साथ प्रशिक्षण
निदेशक ने बताया कि “कृषक जागृति से उन्नति की ओर” की अवधारणा के तहत आयोजित इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में परियोजना क्षेत्रों के स्थानीय कृषकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान विषय-विशेषज्ञों द्वारा जल एवं मृदा संरक्षण, कृषि, पशुपालन तथा आजीविका संवर्धन जैसे उपयोगी विषयों पर व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की गई।

30 जिलों में 109 प्रशिक्षण कार्यक्रम, 5450 कृषक हुए लाभान्वित
जुनेद ने बताया कि कृषकों को उनके स्थानीय क्षेत्र में ही विषय-विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान करने की यह पहल अधिकाधिक कृषकों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में प्रत्येक परियोजना क्षेत्र में न्यूनतम पांच प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की कार्य योजना तैयार की गई है, जिसका शुभारंभ शनिवार को एक साथ पूरे राज्य में किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि शनिवार को राज्य के 30 जिलों में कुल 109 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 5450 कृषकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। निदेशक ने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से किसानों में जागरूकता बढ़ेगी तथा स्थानीय स्तर पर उपयोगी जानकारी प्राप्त होने से उनकी आय एवं आजीविका में सकारात्मक सुधार होगा।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!