Dark Mode
ग्रामीण सेवा शिविरों से किसानों-पशुपालकों को मिली बड़ी राहत

ग्रामीण सेवा शिविरों से किसानों-पशुपालकों को मिली बड़ी राहत

Jodhpur : राज्य सरकार की ओर से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर गांवों में सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के जरिए किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी किया जा रहा है।

पंचायत समिति चामू की ग्राम पंचायत चामू के रणजीत सागर गांव निवासी मोड़ सिंह को कृषि विभाग की तारबंदी योजना के तहत 38 हजार रुपये का अनुदान मिला है। उन्होंने बताया कि खेत की तारबंदी होने से जंगली और आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। इससे फसल नुकसान कम हुआ है और खेती की लागत में भी कमी आई है। मोड़ सिंह ने इस सहायता के लिए राज्य सरकार का आभार जताया।

वहीं ग्राम चामू के किसान गिरधारी राम को कृषि विभाग की पाइपलाइन योजना के तहत 15 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया गया। 300 मीटर पाइपलाइन कार्य पूरा होने के बाद मिली इस सहायता से उनकी सिंचाई व्यवस्था अधिक सुदृढ़ हुई है। किसान के अनुसार योजना से पानी की 30 से 40 प्रतिशत तक बचत हो रही है, साथ ही समय और कृषि लागत दोनों में कमी आई है।

ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान किसान भोपाल सिंह भाटी का भी पाइपलाइन योजना के लिए आवेदन करवाया गया, जिससे उन्हें आगामी समय में योजना का लाभ प्राप्त हो सकेगा। शिविरों में पात्र किसानों को योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इधर पंचायत समिति सेखाला की ग्राम पंचायत भालू, अनूपगढ़ में आयोजित शिविर में पशुपालन विभाग ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निस्तारण करते हुए कई सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई गईं।

मंगला पशु बीमा पॉलिसी-2026 के तहत लाभार्थी फूली को बीमा दस्तावेज और प्रमाण-पत्र सौंपे गए। उन्होंने इस योजना को पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच बताते हुए राज्य सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया।

शिविर के दौरान तहसीलदार सवाई सिंह चारण और विकास अधिकारी चंचल राज शर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों के मार्गदर्शन और विभागीय टीमों के समन्वित प्रयासों से शिविर का सफल संचालन किया गया। ग्रामीणों ने भी सरकारी योजनाओं का लाभ सरल और त्वरित तरीके से मिलने पर संतोष जताया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!