Dark Mode
कनवास गांव में कृषक सेमीनार का आयोजन

कनवास गांव में कृषक सेमीनार का आयोजन

कोटा । कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विश्वविद्यालय सोशियल रेसपोन्सीबिलिटी के तहत गोद लिए सांगोद पंचायत समिति कनवास गांव में सोमवार को कृषक सेमीनार का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के कृषकों एवं विभिन्न विभागों अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कुलपति कृषि विश्वविद्यालय प्रो. अभय कुमार व्यास ने बताया कि कनवास में सभी को शिक्षा, स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाए, गांव के आस-पास के क्षेत्रों के लिए सम्पर्क सड़क, घर-घर स्वच्छ पेयजल, बिजली, गांव के तालाबों में वर्षा जल का संचयन एवं गांव में स्वच्छता तथा किसानों की आय में वृद्धि के लिए विभिन्न कार्यक्रम विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न विभागों के सहयोग से किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए कृषकों को कृषि उद्यमी बनाना होगा तथा कृषि के साथ डेयरी, बकरी पालन, बागवानी, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन आदि इन्टरप्राईज का एकीकरण कर, मूल्य संवर्धन एवं मार्केटिंग पर ध्यान देना होगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ममता तिवाड़ी ने बताया कि कनवास में जिला परिषद द्वारा विकास के कार्य प्रमुखता से करवाए जा रहे हैं तथा गांव में जल संचयन के लिए मॉडल तालाब का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि विधायक कोष से सामुदायिक चिकित्सालय में मोबाईल वेन, चारदीवारी का निर्माण आदि सुविधाएं विकसित की गई है तथा कचरा संग्रहण के लिए गाड़ी एवं सड़क, नाली निर्माण कार्य करवाए गए हैं। महिलाओं, बच्चों के पोषण के लिए आंगनबाड़ी में पोषण वाटिका, नर्सरी का विकास करवाया गया है। उन्होंने बताया कि हमें जीवन में सुधार तथा आय में वृद्धि के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपनाना होगा तथा किसानों को जैविक खेती, प्राकृतिक खेती को अपनाना होगा। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा कनवास क्षेत्र के किसानों के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।
निदेशक प्रसार शिक्षा कृषि विश्वविद्यालय डॉ. एसके जैन ने विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे अनुसंधान, प्रसार शिक्षा एवं विश्वविद्यालय के विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उपखण्ड अधिकारी कनवास कृति व्यास ने ग्रामीणों को पट्टा देने, सरपंच कनवास रीना खटीक ने कनवास में किए जा रहे विकास कार्यों, जिला परिषद सदस्य नीलिमा सोनी, पंचायत समिति सदस्य महावीर मेरोठा ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विश्वविद्यालय स्मार्ट विलेज के नोडल अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने बताया कि कनवास में विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्य किया जा रहा है तथा कृषक सेमीनार के दौरान अतिथियों द्वारा आंगनबाड़ी में पौधा रोपण किया गया तथा ग्राम पंचायत की नर्सरी का अवलोकन किया। इस अवसर पर केन्द्र के वैज्ञानिक प्रो. रामआसरे, डॉ. बीएल नागर, गन्जन सनाढ्य, डॉ. मुकेश चौधरी ने कृषि प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी लगाकर किसानों को जानकारी दी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!