बिजली समस्या से परेशान किसानों ने किया प्रदर्शन
बाप। बिजली समस्याओ से परेशान किसानों ने ग्राम पंचायत धोलिया के राजस्व गांव जैतेरी स्थित 33/11 केवी जीएसएस धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पहले किसानों ने पहले जीएसएस पर पुरी सप्लाई ही बंद करवा दी। जिससे उक्त जीएसएस से जुड़े सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इस जीएसएस से कृषि सिंचित क्षेत्रों मंे ही बिजली जाती है। धरना प्रदर्शन की सूचना मिलने पर दोपहर बाद बाप डिस्काॅम से सहायक अभियंता गोविंदराम चौधरी व कनिष्ठ अभियंता रेंवतराम धरना स्थल पर पहुंचे तथा किसानों से बात की। किसानों ने अधिकारियों काे बताया कि वॉल्टेज की समस्या से सिंचाई प्रभावित हो रही है। मोटरे जल रही है। जिससे उन्हे आर्थिक नुकसान हो रहा है। किसान रामसिंह ने बताया कि ध़ोलिया प्रथम, धोलिया द्वितीय फीडर में 28 किसानों की मोटरें जल गई है। किसी भी फीडर में सप्लाई सही नहीं है। बार बार ट्रिपिंग की वजह से पूरी सप्लाई नहीं मिल रही। किसानों की मोटरों के साथ-साथ फसल भी जल रही हैं। उनकी समस्या को अधिकारी अनदेखा कर रहे है, जो कि किसानों के लिए भारी पड़ रहा है। शनिवार को किसानों ने मजबूरन जीएसएस की सप्लाई बंद करवाई तथा धरना शुरू किया। धरने में रामसिंह, माधूसिह, पुथ्वीसिह, रिछपालसिंह, चतुर सिंह सहित बडी संख्या में किसान धरने पर बैठे। कनिष्ठ अभियंता रेंवताराम ने बताया कि जीएसएस को चालू करवा दिया था। स्थानीय स्तर की समस्याओं को जल्द से जल्द समाधान करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवा दिया था।