फारूख अब्दुल्ला बोले , इतिहास मिटाया नहीं जा सकता
NCERT की किताबों से मुगलों के चैप्टर हटाने पर कहा- ताजमहल देखने आए लोगों को क्या बताओगे?
अनंतनाग . जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला ने कहा कि इतिहास को मिटाया नहीं जा सकता है। NCERT की किताबों से मुगलों के चैप्टर भले ही हटा दिए गए हों, लेकिन शाहजहां, औरंगजेब, अकबर, बाबर, हुमायूं और जहांगीर को कैसे भूलेंगे। उन्होंने हम पर 800 सालों तक शासन किया है।
जब लोग ताजमहल देखने जाएंगे तो उन्हें क्या बताया जाएगा कि इसे किसने बनवाया था? फतेहपुर सीकरी के बारे में क्या कहेंगे, जहां मुगल ताज दिल्ली जाने से पहले था? वे हुमायूं के मकबरे और लाल किले को कैसे छिपाएंगे?
नेशनल कांफ्रेंस के नेता ने कहा कि वे अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार रहे हैं। इतिहास नहीं बदलेगा। हम नहीं रहेंगे, लेकिन इतिहास रहेगा। फारूख अब्दुल्ला शनिवार को एक शोकसभा में शामिल होने अनंतनाग जिले के लारनू में गए थे। यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने ये बातें कहीं।
अरुणाचल प्रदेश के गांवों पर दावा कर रहा चीन
इस दौरान फारूख अब्दुल्ला ने चीन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चीन लंबे समय से अरुणाचल प्रदेश के कुछ गांवों पर अपना दावा कर रहा है। चीन ने कई गांवों के नाम भी बदले हैं। हालांकि भारत उनके दावों को मानने को तैयार नहीं है।
भाजपा के खिलाफ लड़ने के लिए विपक्षी गठबंधन जरूरी
जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम ने विपक्षी गठबंधन पर भी अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी दलों को भाजपा के खिलाफ चुनाव जीतना है तो उन्हें एकजुट होना होगा। गठबंधन ही एकमात्र ऐसी चीज है जो हमें एकजुट करेगी। हम व्यक्तिगत रूप से नहीं लड़ सकते। इसलिए नेशनल लेवल पर विपक्षी दल भी एकजुट होने के तरीके खोजने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे हम चुनाव जीत सकें।