पहली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
डीडवाना। जिला कलेक्टर सीताराम जाट की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रथम जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में नागौर जिले में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला कलेक्टर जाट ने आधी-अधूरी तैयारी के साथ आने वाले अधिकारियों पर नाराज़गी जताते हुए डांट-फटकार लगाई तथा बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। 25 जुलाई को नागौर जिले में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों की समीक्षा कर जिला कलेक्टर जाट ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क मार्गों पर सुरक्षा की दृष्टि से समस्त उपाय जैसे साइन बोर्ड, हजार्ड मार्कर, रोड मार्किंग इत्यादि के कार्य आवश्यक रूप से करवाएं जाए। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के राजमार्गों पर संभावित दुर्घटना क्षेत्र, ब्लैक स्पॉट की पहचान कर सड़क सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कार्यवाही की जाए। पेट्रोलिंग वाहनों द्वारा राजमार्गों पर नियमित रूप से अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, आवारा पशु, हाईवे पर मृत पशु इत्यादि हटाने का कार्य प्रभावित रूप से किया जाए। सभी सड़क एजेंसी और टोल प्रभारी मुख्य सड़कों पर नजदीकी अस्पताल, पीएचसी, सीएचसी, ट्रॉमा सेंटर के मोबाइल नंबर वाले बोर्ड लगवाएं ताकि दुर्घटना होने पर संपर्क करके तत्काल बचाव कार्य किया जा सके। उन्होंने कहा कि टोल टैक्स पर काम करने वाले सभी कार्मिकों का पुलिस वेरिफिकेशन सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों को नोटिस-
जिला कलेक्टर जाट ने अपूर्ण तैयारी के साथ बैठक में आने वाले अधिकारियों पर नाराज़गी जताते हुए अगली मीटिंग में पूरी और स्पष्ट जानकारी के साथ आने तथा संबंधित प्रभारी अधिकारी को स्वयं बैठक में उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर स्थिति की जांच करें तथा आवश्यक कार्यवाही करें।
सघन हेलमेट अभियान-
जिला कलेक्टर जाट ने बैठक में निर्देशित किया कि पुलिस बिना हेलमेट वाले वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर इस संबंध में कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि 15 दिन में कम से कम एक बार ऐसा सघन अभियान आवश्यक रूप से चलाया जाए। उन्होंने एसई एवीवीएनएल को निर्देशित किया की सड़क के किनारे बिजली के तारों को उचित दूरी पर स्थापित करें तथा साथ ही इनकी समुचित ऊंचाई करने का अभियान चलाएं। उन्होंने व्यावसायिक वाहन चालकों, बाल वाहिनी चालकों के नियमित हेल्थ चेकअप, आई चेकअप के कैंप आयोजित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जिले के मुख्य सड़क मार्गों पर ब्रेकर और पेच वर्क करने के कार्य गुणवत्तापूर्ण किए जाएं। उन्होंने सड़क सुरक्षा समिति से संबंधित सभी अधिकारियों को आपसी तालमेल रखकर कार्य करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्योराम वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार, सीएमएचओ अनिल जुंदिया, एसई एवीवीएनएल, एक्सईन पीडब्ल्यूडी, जिला परिवहन अधिकारी माखनलाल जांगिड़ सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।