लोकसभा चुनाव में नियुक्त माइक्रो ऑब्जर्वर का प्रथम प्रशिक्षण संपन्न
धौलपुर। जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने हेतु माइक्रो ऑब्जर्वर का प्रथम प्रशिक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी धौलपुर निधि बी टी के निर्देशन में नगर परिषद सभागार में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में पर्यवेक्षकों को मतदान केंद्र पर तैयारी का आकलन करने, सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता की जांच करने, मॉक पोल आयोग के निर्देशन के अनुरूप करने, मतदान अभिकर्ताओं की मतदान केंद्र पर उपस्थित तथा मतदान की गोपनीयता संबंधी कार्य बताए।
प्रशिक्षक अतुल चौहान ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा माइक्रो ऑब्जर्वर से मतदान अधिकारियों द्वारा चिन्हित मतदाता सूची में मार्क करने, मतदाता रजिस्टर में पहचान पत्र को दर्ज करने, अमिट स्याही को सही तरीके से लगाने के साथ वोटिंग कंपार्टमेंट में किसी के अनधिकृत प्रवेश की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं, जिससे चुनाव में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाई जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त सूक्ष्म पर्यवेक्षकों को ईवीएम संचालन एवं सीलिंग की जानकारी प्रायोगिक रूप से करने हेतु प्रशिक्षकों को भी आवश्यक निर्देश दिए।
प्रशिक्षक चौहान ने बताया कि प्रशिक्षण में मतदान एजेंट की उपस्थिति और उनके संबंध में ईसीआई के निर्देशों के साथ प्रवेश पास प्रणाली एवं ईवीएम की सीलिंग के बारे में जानकारी, निर्वाचकों की पहचान, विशेष मतदाताओं में टेंडर वोट, चेलेंज वोट, एएसडी वोट को भी बताया गया। प्रशिक्षण में प्रशिक्षक वेद प्रकाश कर्दम, देवेंद्र बघेल, सुरेंद्र दीक्षित ने पीपीटी के माध्यम से मतदान प्रक्रिया को बताते हुए माइक्रो ऑब्जर्वर द्वारा पर्यवेक्षक को दी जाने वाली रिपोर्ट को समझाया। प्रशिक्षण में 200 माइक्रो ऑब्जर्वर ने भाग लिया।