Dark Mode
China में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन, नौ लोग लापता

China में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन, नौ लोग लापता

बीजिंग। मध्य चीन में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद नौ लोग लापता हैं। भारी बारिश के कारण इलाके में बाढ़ भी आ गई है और देश के अधिकतर हिस्सों में तापमान बढ़ा है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। हुबेई प्रांत में एक राजमार्ग निर्माणस्थल पर मलबे के नीचे दबे पांच लोगों को बचाया गया, जहां रविवार को भूस्खलन की घटना हुई थी। बचावकर्मी अब भी मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं। चीन के उत्तरी, मध्य और दक्षिणपूर्व क्षेत्र में बाढ़ की वजह से हजारों लोगों ने आश्रय स्थलों में शरण ली है। चीन में बाढ़ की घटनाएं आम हैं लेकिन इस साल जलस्तर बढ़ने के साथ साथ तापमान भी बढ़ा है। चीन इस वर्ष गर्मी, लू, बाढ़ और सूखे की घटनाओं से प्रभावित रहा। इस सप्ताह से पहले बीजिंग में लगातार नौ दिन तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा, जो 1961 के बाद पहली बार देखा गया है। अधिकारियों ने राजधानी और अन्य जगहों पर स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी जारी की हैं और आवश्यक कार्यों को छोड़कर घरों से बाहर निकलने पर रोक लगाई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि बीजिंग में लू लगने से अब तक दो लोगों की मौत हुई है। पिछले महीने भी बीजिंग में एक महिला की लू लगने से मौत हो गई थी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!