Dark Mode
मौसम में उतार चढाव : इस बार सर्दी का असर होगा कम

मौसम में उतार चढाव : इस बार सर्दी का असर होगा कम

देश में मौसम के अज़ब गजब नज़ारे देखने को मिल रहे है। नवम्बर का महीना समाप्ति की ओर है मगर ठण्ड और सर्दी ने अभी अपने पारम्परिक तेवर नहीं दिखाए है। नवंबर में सर्दी के तेवर नरम रहे हैं, दिन में धूप खिलने से तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ की कमी और साफ आसमान इसके मुख्य कारण हैं। इस बार अगर कड़ाके की सर्दी को लेकर परेशान हैं तो आपके लिए थोड़ी राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने जिस तरह का पूर्वानुमान जताया है इससे ये साफ है कि इस बार हाड़ कंपाने वाली सर्दी से कुछ राहत जरूर मिल सकती है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दिवाली के बाद मौसम में ठंडक बढ़ने लगती है। सुबह और शाम के वक्त ठिठुरन महसूस होने लगती है और लोग गर्म कपड़े निकाल लेते हैं। लेकिन इस बार मौसम का मिजाज कुछ अलग नजर आ रहा है। नवंबर के आखिर में भी दिन के समय तेज धूप निकल रही है और तापमान में वैसी गिरावट नहीं दिख रही, जैसी आमतौर पर इस समय तक देखने को मिलती है। सुबह ठंडी हवा, धूप की नरम गर्माहट और दिल को सुकून देने वाला मौसम लोगों को पसंद आ रहा है। उत्तर भारत में दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक नवंबर में देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान भी अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से अधिक रहा है। रातों में भी ठंड का असर कम रह रहा है। नवंबर माह में साल-दर-साल मौसम में बड़े उतार-चढ़ाव की तस्वीर सामने आई है। यह भी कहा जा रहा है अगले दो माह में भी कमजोर रहेगी सर्दी। मौसम विभाग के दक्षिण एशिया के प्रायोगिक मौसमी पूर्वानुमान के अनुसार नवंबर से जनवरी तक अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से अधिक तापमान के संकेत हैं। हालांकि हिमालय के उत्तरी हिस्सों में सामान्य से कम तापमान रह सकता है। एक रिपोर्ट के अनुसार उत्तर भारत में सर्दियों की शुरुआत और तापमान में गिरावट के पीछे पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की अहम भूमिका होती है। इस बार अब तक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहने की बात कही जा रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में पर्याप्त बर्फबारी नहीं होने से मैदानी इलाकों तक पहुंचने वाली ठंडी हवाओं का असर भी सीमित रह सकता है। यही वजह है कि उत्तर भारत में नवंबर के अंत तक ठंड का वैसा प्रभाव देखने को नहीं मिला है, जैसा आमतौर पर महसूस होता है। इस बार सर्दियों को लेकर अल नीनो की चर्चा भी हो रही है। अल नीनो प्रशांत महासागर की समुद्री सतह के तापमान से जुड़ी एक मौसमी स्थिति है। इसमें मध्य और पूर्वी भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर का पानी सामान्य से ज्यादा गर्म हो जाता है। समुद्र के तापमान में होने वाला यह बदलाव केवल प्रशांत महासागर तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों की मौसम प्रणालियों को प्रभावित कर सकता है। इसका असर भारत में बारिश, तापमान और मौसमी गतिविधियों पर भी पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिन में गर्मी और सुबह-शाम ठंडक का दौर जारी रह सकता है। इसका असर गेहूं समेत रबी की फसलों पर भी पड़ने की आशंका है। सर्दी का मौसम देश में आमतौर पर नवम्बर से लेकर जनवरी के अंत तक होता है। शीत ऋतु सभी ऋतुओं में सबसे ठंडी होती है। जनवरी के महीने में तो तापमान जमाव बिंदु के नीचे तक गिर जाता है। इस समय सर्दी अपनी चरम सीमा पर होती है। ठंडी से बचने के लिए लोग गर्म और ऊनी वस्त्र पहनते हैं व रात के रजाइयां व कम्बल ओढ़ते हैं। जलवायु परिवर्तन ने इस साल देशवासियों को चौंका दिया है। देश में मौसम के अज़ब गजब नज़ारे देखने को मिल रहे है। इस वर्ष मानसून में बारिश के बाद यह अनुमान लगाया गया था कि लोगों को शीत लहर का सामना करना पड़ेगा । मौसम विभाग के अनुसार सर्दियों के मौसम के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार, सर्दियों के मौसम में सामान्य तौर पर पांच से छह दिनों की तुलना में इस बार शीतलहर वाले दिन कम रहने की उम्मीद है। मौसम में इस परिवर्तन का संबंध कहीं न कहीं जलवायु परिवर्तन से भी लगाया जा रहा है। वैज्ञानिक मानते हैं कि मौसम में जैसी तब्दीली इस बार देखने को मिली है, ऐसा पूर्व में बहुत कम देखने को मिला है। लम्बे समय में मौसम में होने वाले परिवर्तन को जलवायु परिवर्तन कहते हैं। इस परिवर्तन के कारण मौसम में परिवर्तन आता है। जैसे अधिक गर्मी, ठण्ड, वर्षा या आवश्यकता से भी कम गर्मी, ठण्ड और वर्षा का होना। विशेषकर उत्तर भारत इस समय मौसम परिवर्तन की चपेट में है। इस बार जलवायु परिवर्तन के फलस्वरूप नवम्बर माह गर्म रहा और लोगों को ज्यादा सर्दी से छुटकारा मिला।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!