Dark Mode
पश्चिमी विक्षोभ के बाद कोहरे की दस्तक, सीमावर्ती जिलों में दृश्यता घटी

पश्चिमी विक्षोभ के बाद कोहरे की दस्तक, सीमावर्ती जिलों में दृश्यता घटी

जयपुर। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होते ही मौसम का मिजाज बदल गया है। बादल छंटने के साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे ने दस्तक दे दी है। सीमावर्ती और उत्तर-पश्चिमी जिलों में इसका असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। मंगलवार सुबह बीकानेर शहर में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 50 मीटर से भी कम रह गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।

पिछले 24 घंटों के दौरान जैसलमेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर और करौली सहित कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के चलते सड़कों पर वाहनों की आवाजाही धीमी रही। वहीं शेखावाटी अंचल में हल्की सर्द हवाएं चलने से न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।

सोमवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नागौर में न्यूनतम तापमान 5.9, लूणकरणसर में 6, दौसा में 6.5 और बारां में 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के समय सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जोधपुर में 29.8 और नागौर में 28.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक तापमान सामान्य बने रहने की संभावना है, लेकिन उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में घना कोहरा बना रह सकता है। विशेष रूप से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में कोहरे का असर अधिक रहेगा। साथ ही दिल्ली-एनसीआर से लगे पूर्वी जिलों में भी सुबह के समय कोहरा देखने को मिल सकता है।

राज्य के प्रमुख शहरों में सोमवार को दिन-रात के तापमान में स्पष्ट अंतर दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 26.6 और न्यूनतम 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अजमेर में अधिकतम 28.6 और न्यूनतम 10.1 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर और वनस्थली में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक गिर गया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!