Dark Mode
त्योहारी सीजन में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा दल की कार्रवाई, सरमथुरा कस्बे में दूध व घेवर के नमूने लिए

त्योहारी सीजन में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा दल की कार्रवाई, सरमथुरा कस्बे में दूध व घेवर के नमूने लिए

धौलपुर। त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘शुद्ध आहार एवं मिलावट पर वार अभियान’ के तहत खाद्य सुरक्षा दल द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त टी. शुभमंगला एवं जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार के नेतृत्व में रविवार को सरमथुरा कस्बे में खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा दल ने धर्मेंद्र डेयरी से मिश्रित दूध का नमूना लिया। वहीं जोधपुर मिष्ठान भंडार से घेवर मिठाई का नमूना लिया गया। दोनों नमूनों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार ने बताया कि आमजन तक शुद्ध खाद्य सामग्री पहुंचे इस उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं प्रचलित नियमों के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान दूध, मावा, मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए जिले में नमूनीकरण एवं निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खाद्य सुरक्षा विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को भी निर्धारित मानकों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही विक्रय करने के निर्देश दिए।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!