जम्मू-कश्मीर में फुटब्रिज गिरा, 80-85 घायल
25 लोगों की हालत गंभीर, बैसाखी उत्सव के दौरान हादसा हुआ
उधमपुर . जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में शुक्रवार को बैसाखी उत्सव के दौरान एक फुटब्रिज गिर गया। हादसे में 80-85 लोग घायल हुए हैं, जिसमें से 20-25 की हालत गंभीर है। पुलिस और अन्य टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। घटना चेनानी ब्लॉक के बैन गांव की है।
उधमपुर के चेनानी नगर पालिका के अध्यक्ष माणिक गुप्ता ने बताया कि इस दुर्घटना में 80-85 लोगों को चोटें आई हैं। जबकि 20-25 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। 6-7 लोगों को हमने जिला अस्पताल रेफर किया है।
उधमपुर के SSP डॉ. विनोद ने हादसे के बारे में जानकारी दी है। हादसे के वीडियो भी सामने आ रहे हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि फुटब्रिज पर बड़ी संख्या में लोग चढ़े हैं। वहीं, पुलिस की टीम भी मौके पर नजर आ रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उधमपुर के बैन गांव में बैसाखी पर मेले का आयोजन होता है। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। इस बार भी मेले में काफी भीड़ उमड़ी। इस दौरान ब्रिज पर ज्यादा लोगों के चढ़ने से हादसा हो गया। दावा किया जा रहा है कि फुटब्रिज को इलाके के लोगों ने ही पैसे जमा कर बनवाया था।