टॉप 10 में शामिल चार बदमाश गिरफ्तार
धौलपुर। हत्या के प्रयास के मामले में चल रहे टॉप 10 में शामिल चार बदमाशों को सोने का गुर्जा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश की कार्रवाई की जा रही थी। कार्रवाई को लेकर थानाधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गत वर्ष थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। जिस मामले में चार आरोपी सौनेराम (43) पुत्र भेरौ सिंह, सिरनाम (32) पुत्र भरत सिंह, केशव (19) पुत्र भरत सिंह और भूरी (23) पुत्र रामबरन निवासी सोने का गुर्जा के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। थाना प्रभारी ने बताया कि पिछले साल दर्ज हुए मामले के बाद से ही पुलिस चारों आरोपियों की तलाश कर रही थी। जिनकी गिरफ्तारी ना होने पर उन्हें थाने के टॉप 10 बदमाशों में शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि रविवार को मुखबिर की सूचना पर चारों आरोपियों को सौरियापुरा गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा। जिसके बाद मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी।