Dark Mode
चार दिवसीय सम्भाग स्तरीय आरोग्य मेला सम्पन्न

चार दिवसीय सम्भाग स्तरीय आरोग्य मेला सम्पन्न

सवाई माधोपुर। राज्य सरकार की 100 दिवसीय कार्ययोजना के अन्तर्गत आयुष विभाग सवाई माधोपुर द्वारा 8 मार्च से 11 मार्च तक आयोजित चार दिवसीय सम्भाग स्तरीय आरोग्य मेला सोमवार को नगर परिषद सभापति रमेश बैरवा के मुख्य आतिथ्य में जिला खेल कूद प्रशिक्षण केन्द्र दशहरा मैदान सवाई माधोपुर में सम्पन्न हुआ।
सहायक नोडल अधिकारी उपनिदेशक डॉ. राजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मेले में आयुर्वेद चिकित्सा से 1682, यूनानी चिकित्सा में 822, कपिंग थेरेपी में 230, होम्योपैथी चिकित्सा में 873, अग्निकर्म में 60, क्षारसूत्र में 80, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा में 427, योग्यभ्यास में 266 एवं पंचकर्म में 247 व्यक्तियों और रोगियों ने परामर्श प्राप्त किया। मेला प्रभारी डॉ. पुरुषोत्तम गौतम ने बताया कि आरोग्य मेले में हर्बल गार्डन प्रदर्शनी में आम जनता को औषधीय पौधों के उपयोग एवं संवर्धन की जानकारी दी गई।
सह मेला प्रभारी डॉ. विजय शंकर ने बताया कि पंचकर्म चिकित्सा में स्नेहन, स्वेदन द्वारा रोगियों को दर्द से तुरंत राहत प्रदान की गई। प्रकृति परीक्षण में व्यक्तियों की प्रकृति के अनुसार आहार विहार की जानकारी दी गई। मेले में एक्यूप्रेशर चिकित्सा क्लिनिक में व्यक्तियों ने एक्यूप्रेशर चिकित्सा का लाभ उठाया। चिंता व तनाव से मुक्ति हेतु हार्टफुलनेस संस्था द्वारा मेडिटेशन का अभ्यास करवाया गया।
आरोग्य मेले में विषय विशेषज्ञों ने मर्म चिकित्सा, आहार, विहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या पंचकर्म, स्वस्थवृत, गैर संक्रामक रोग व उनकी चिकित्सा, चर्म रोगों में यूनानी चिकित्सा व होम्योपैथिक चिकित्सा के विषय में विस्तृत व्याख्यान दिए। मेले में आमजन ने आयुष की विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों का हजारों की संख्या में पधारकर लाभ उठाया।
इस दौरान पतंजलि योग समिति मोहनलाल कौशिक, पूर्व अतिरिक्त निदेशक डॉ. जितेंद्र सिंह कोठारी, पूर्व अतिरिक्त निदेशक डॉ. बृजबल्लव शर्मा एवं भरतपुर संभाग आयुर्वेद विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. मदन मोहन गौतम उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!