Dark Mode
इंटरनेट कंपनियों के उपकरण चुराने वाली गैंग के चार बदमाश गिरफ्तार

इंटरनेट कंपनियों के उपकरण चुराने वाली गैंग के चार बदमाश गिरफ्तार

जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने एयरटेल सहित अन्य इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों के तकनीकी उपकरण चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो चोरी करने वाले, एयरटेल कंपनी का कर्मचारी और चोरी का माल खरीदने वाला व्यापारी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब पांच लाख रुपए कीमत की दो स्प्लाइसिंग मशीनें बरामद की हैं।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि इंटरनेट कंपनियों के कर्मचारी जब साइट पर फाइबर मरम्मत का काम करते थे, उसी दौरान बाइक सवार बदमाश मौका देखकर उपकरणों से भरा बैग चोरी कर ले जाते थे। 29 मई 2026 को एयरटेल में फाइबर रिपेयरिंग का काम करने वाले महिपाल वर्मा निवासी मालपुरा ने मुहाना थाने में शिकायत दी थी कि काम के दौरान बाइक सवार दो युवक उनका उपकरणों से भरा बैग चोरी कर ले गए। मानसरोवर क्षेत्र में भी इस तरह की वारदातें सामने आ चुकी थीं।
पूछताछ में सामने आया कि एयरटेल कर्मचारी आकाश बदमाशों को कंपनी के कर्मचारियों की साइट लोकेशन भेजता था। लोकेशन मिलते ही बदमाश मौके पर पहुंचकर उपकरणों से भरा बैग पार कर देते थे।
थानाधिकारी मुकेश कुमार खारड़िया ने बताया कि राजेश राणा उर्फ कालू (26) निवासी विद्याधर नगर, हाल भट्टा बस्ती, रामअवतार गुर्जर उर्फ दल्ला (28) निवासी चौमूं, हाल भट्टा बस्ती, आकाश (28) निवासी झांसी, उत्तर प्रदेश, हाल भट्टा बस्ती और अजय शर्मा उर्फ राजू (48) निवासी विद्याधर नगर को गिरफ्तार किया है। आकाश एयरटेल कंपनी में कार्यरत था और साइट की लोकेशन देता था, जबकि अजय शर्मा चोरी के उपकरण खरीदता था।
पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का सामान खरीदने वालों की तलाश कर रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!