Dark Mode
इंजीनियरिंग छात्र सहित चार लोग चोरी के मामलों में गिरफ्तार

इंजीनियरिंग छात्र सहित चार लोग चोरी के मामलों में गिरफ्तार

ओडिशा के गंजाम जिले में नौ स्थानों पर चोरी के सिलसिले में बृहस्पतिवार को एक इंजीनियरिंग छात्र सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार लोगों के पास से 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य का सामान जब्त किया गया है। उन्होंने बताया कि इन सामान में सोने के आभूषण, मोबाइल फोन, कंप्यूटर, कलर प्रिंटर, एक वाटर कूलर, एक वाटर फिल्टर, एक स्कूटर, एक डिजिटल वजन तौलने की मशीन और 1.40 लाख रुपये नकद के अलावा घर में सेंध लगाने वाले उपकरण शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि सोने के आभूषण एक बैंक और एक निजी वित्त कंपनी से बरामद किए गए, जहां आरोपियों ने इन्हें जमा किया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बीटेक चतुर्थ वर्ष के छात्र सिलू नायक (21), विकास बिसोई (23), कालिया बेहरा (21) और बोरसिंगी निवासी सरसा कुमार नायक (32) के रूप में हुई है।बरहामपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवण विवेक एम ने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच से पता चला है कि यह गिरोह कम से कम नौ चोरियों में शामिल था जिन्हें पिछले पांच माह में अंजाम दिया गया।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!