एनी डेस्क सॉफ्टवेयर डाउनलोड कराकर कर ली 10 लाख की धोखाधड़ी
उदयपुर। नजदीकी सलूम्बर जिले के कूण क्षेत्र के एक युवक के साथ 10 लाख रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। धोखेबाज ने खुद को महाराष्ट्र का युवक बताते हुए क्रेडिट कार्ड का उपयोग नहीं होने पर उसके बंद होने का हवाला दिया।
उसने युवक को एनी डेस्क सॉफ्टवेयर का लिंक भेजकर उसे डाउनलोड करने को कहा। उसके झांसे में आए पीडित ने ऐप डाउनलोड कर लिया। जिसके बाद धोखेबाज व्यक्ति ने सॉफ्टवेयर में अपना नाम, पता और आधार कार्ड सहित कई फार्मलिटिज पूरी की। जिसके बाद उसके मोबाइल पर कॉल आया और उसके रिसीव करते ही उसका मोबाइल हैंग हो गया।
पूरा मोबाइल डेटा आरोपी ने डाउनलोड कर लिया और उसके बैंक खाते से 10 किश्तों में 10 लाख 7 हजार 692 रुपए निकाल लिए। धोखाधड़ी करने वाले व्यक्ति ने पहले पीड़ित के खाते से 10 लाख रुपए निकाल लिए और बाद में पीड़ित के मोबाइल पर व्हाएट्स ऐप कॉल भी किया। इस घटना को लेकर पीड़ित ने कूण थाने में मामला दर्ज कराया है।