पंच से लेकर प्रधानों ने किया विधानसभा का घेराव
प्रधान संघ के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश सुंडा भी समर्थन में आए आगे
नवलगढ. विभिन्न मांगों को लेकर विधानसभा के घेराव पर बैठे पंच से लेकर प्रधानों ने अपनी मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया। इस धरने में समर्थन देने के रूप में प्रधान संघ के प्रदेशाध्यक्ष एवं झुंझुनूं के नवलगढ़ प्रधान दिनेश सुंडा भी खुलकर सामने आए। प्रदेशाध्यक्ष दिनेश सुंडा ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों की मांगें जायज है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से पंचायत समिति सदस्य नौ सूत्री मांग और प्रधान संघ 11 सूत्री मांगों को मंगवाने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए ना केवल प्रदेश स्तरीय बल्कि हर ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर भी मांगे उठाई जा चुकी है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पंचायत समिति सदस्य संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र सिंह सुरपुरा ने बताया कि इन मांगों को लेकर विभिन्न विधायकों ने विधानसभा में प्रश्न लगाए थे। व 70 से अधिक विधायकों ने मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखा था। उन्होंने कहा कि लंबे समय से आंदोलनरत कार्मिकों की मांगों के प्रति सरकार ने संवेदनशील रवैया नहीं अपनाया तो मजबूरन उग्र आंदोलन किया जाएगा। धरने में राजस्थान जिला परिषद संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष संदीप यादव फौलादपुरिया, प्रदेश संरक्षक कैप्टन राम सिंह मीणा, प्रदेश महासचिव शक्ति सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।