Dark Mode
चुनावी नतीजों पर बोले गजेन्द्र सिंह शेखावत, BJP करेगी हार की समीक्षा!

चुनावी नतीजों पर बोले गजेन्द्र सिंह शेखावत, BJP करेगी हार की समीक्षा!

जयपुर। राजस्थान के पंचायतीराज चुनावों के नतीजों को लेकर भाजपा में अब मंथन की तैयारी शुरू हो गई है। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने साफ कहा है कि चुनाव में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने के कारणों को पार्टी गंभीरता से समझेगी। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का फायदा आम जनता तक पहुंचाने में कहां कमी रही और सरकारी कामकाज की जानकारी लोगों तक प्रभावी ढंग से क्यों नहीं पहुंच पाई, इन सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।

रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान शेखावत ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जो जीत और हार दोनों परिस्थितियों में पूरे सम्मान और ऊर्जा के साथ चुनाव परिणामों का विश्लेषण करती है। इस बार भी समीक्षा केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जमीनी स्तर, जिला स्तर और निर्वाचन क्षेत्र के स्तर पर की जाएगी। इसके बाद जयपुर में भी विस्तृत मंथन होगा।

शेखावत ने कहा कि डबल इंजन सरकार होने के बावजूद पंचायतीराज चुनावों में जिस तरह के नतीजों की अपेक्षा थी, वे नहीं मिले। ऐसे में पार्टी के लिए यह आत्मावलोकन का विषय है। सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों के बावजूद जनता तक उनका संदेश पहुंचाने में जो भी कमी रही है, उसे दूर करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को लेकर भी अपनी बात रखी। शेखावत के मुताबिक, भाजपा के नेता और कार्यकर्ता किसी एक चुनाव के परिणाम से निराश होने वाले नहीं हैं। उन्होंने पार्टी की राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने महज दो सीटों से शुरुआत कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने तक का सफर तय किया है। इसलिए एक चुनाव का नतीजा पार्टी के आत्मविश्वास और संकल्प को प्रभावित नहीं कर सकता।

वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि भाजपा फिर से सत्ता में वापसी करेगी। वहीं राजस्थान में वर्ष 2028 के विधानसभा चुनावों को लेकर भी उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा दोबारा सरकार बनाएगी।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की दावेदारी से जुड़े सवाल पर शेखावत ने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2034 को लेकर यदि गहलोत को अपनी पार्टी की ओर से कोई संकेत मिला है तो इस पर फैसला उन्हें ही करना है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!